Chambalkichugli.com

MP Weather Update: मध्य प्रदेश के 44 जिलों में चक्रवात ‘मोन्था’ का असर, कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी

MP Weather Update

MP Weather Update: भोपाल। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ का असर अब मध्य भारत में भी दिखने लगा है। मंगलवार को मध्य प्रदेश के 44 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राज्य के पूर्वी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी जिलों में अगले चार दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। जिन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड, मुरैना और श्योपुर शामिल हैं।

सोमवार को भी कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। श्योपुर में लगातार दूसरे दिन 2.2 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि दतिया में लगभग 1 इंच और ग्वालियर, रतलाम व सीधी में आधा इंच से अधिक बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के चलते इटारसी स्थित तवा बांध के तीन गेट खोल दिए गए, जिससे 16,070 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

राजधानी भोपाल में रविवार की ठंड के बाद सोमवार को तापमान में अचानक वृद्धि दर्ज की गई। दिन का तापमान 6 डिग्री बढ़कर 30.4 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इंदौर में भी मौसम में गर्माहट देखी गई, जहां दिन का तापमान 6.3 डिग्री बढ़कर 29.8 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण इन दिनों बारिश और बर्फबारी हो रही है। इसके गुजरने के बाद ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश में प्रवेश करेंगी। 6 नवंबर से प्रदेश में ठंड की शुरुआत होने की संभावना है और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। 29 अक्टूबर को उत्तरी और पूर्वी जिलों में भारी बारिश के संकेत हैं, जबकि 30 अक्टूबर को भी पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।

READ MORE: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से लगी आग, 3 की मौत, 10 से ज्यादा झुलसे…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *