T20 knockout century: नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के स्टार सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों को बुरी तरह हरा दिया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के सामने 170 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे कीवी टीम ने मात्र 12.5 ओवर में 9 विकेट रहते हासिल कर लिया। इस मैच में फिन एलन ने 33 गेंदों पर तूफानी शतक जड़कर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे तेज शतक बनाया और वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सबसे तेज शतक और नॉकआउट की धाक
फिन एलन ने 33 गेंदों में शतक बनाकर टी20 वर्ल्ड कप की सबसे तेज सेंचुरी का नया रिकॉर्ड कायम किया। इससे पहले क्रिस गेल ने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था। इसके अलावा फिन एलन टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान का 2009 सेमीफाइनल में 96 रनों का रिकॉर्ड था।
फुल मेंबर टीम के खिलाफ शतक और बाउंड्री का जलवा
फिन एलन टी20 क्रिकेट में किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ सबसे कम गेंदों में शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर बांग्लादेश और रोहित शर्मा ने 35 गेंदों पर श्रीलंका के खिलाफ शतक बनाया था। इस पारी में फिन एलन ने 18 बाउंड्री (10 चौके और 8 छक्के) मारी, जो टी20 वर्ल्ड कप की किसी पारी में सबसे ज्यादा हैं। उनके आठ छक्के न्यूजीलैंड के लिए किसी पारी में सबसे ज्यादा हैं और यह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में किसी खिलाड़ी के लिए भी सर्वाधिक हैं।
बाउंड्री रन का रिकॉर्ड
फिन एलन ने 88 रन बाउंड्री से बनाकर टी20 वर्ल्ड कप की किसी पारी में सबसे ज्यादा बाउंड्री रन का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इससे पहले क्रिस गेल ने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 88 रन बाउंड्री से बनाए थे।