Sheopur News: श्योपुर-नहर रोड पर मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब जय बजरंग ट्रेवल्स की एक यात्री बस में अचानक धुआं भर गया। बस में सवार करीब 45 यात्रियों ने जान बचाने के लिए चलती बस से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे ढोढर थाना क्षेत्र के ब्लावनी गांव के पास हुई। बताया गया कि श्योपुर से सबलगढ़ जा रही यह बस जैसे ही ब्लावनी गांव के पास पहुंची, स्टेयरिंग के पास वायरिंग में स्पार्किंग शुरू हो गई और कुछ ही क्षणों में धुआं फैल गया। देखते ही देखते पूरा बस केबिन धुएं से भर गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
ड्राइवर ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया, लेकिन घबराए यात्री बस के पूरी तरह रुकने का इंतजार किए बिना ही कूदने लगे। इस दौरान कई यात्री सड़क किनारे गिर पड़े, जिससे कुछ को हल्की चोटें आईं।
सूचना मिलने पर ढोढर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस की स्टेयरिंग साइड की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट पाया गया है। उन्होंने बताया कि सभी 45 यात्री सुरक्षित हैं और आग भड़कने से पहले ही उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी टीम को बुलाकर बस की वायरिंग जांच शुरू कर दी है। साथ ही बस कंपनी को भी सर्विसिंग और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंचकर यात्रियों की मदद की। हादसे के बाद यात्रियों ने मांग की कि बसों की नियमित सर्विसिंग और इलेक्ट्रिकल जांच की जाए ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस ने बस को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
READ MORE: श्योपुर में बारिश से धान फसल बर्बाद, किसानों की बढ़ी चिंता…