Shivpuri News: शिवपुरी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिला अस्पताल के एचडीयू वार्ड (High Dependency Unit) से मंगलवार रात एक नवजात बच्ची चोरी हो गई। एक महिला ने खुद को आशा कार्यकर्ता की परिचित बताकर परिजनों का भरोसा जीता। मौका मिलते ही बच्ची को लेकर फरार हो गई। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
परिजनों से कर रही थी बातचीत
जानकारी के मुताबिक, 28 अक्टूबर को रोशनी आदिवासी ने बच्ची को जन्म दिया था। आरोपी महिला पिछले दो दिनों से परिवार के संपर्क में थी। बुधवार तड़के करीब 4 बजे वह बच्ची को दूध पिलाने के बहाने गोद में लेकर बाहर चली गई। कुछ देर बाद वह वापस आकर वार्ड में बैठ गई। जैसे ही परिजन सो गए, महिला ने मौका पाकर बच्ची को लेकर अस्पताल से बाहर निकल गई।
परिजनों ने किया हंगामा
सुबह परिजनों की नींद खुलने पर बच्ची गायब मिली। शोर मचाने पर अस्पताल स्टाफ और पुलिस मौके पर पहुंची। CCTV फुटेज खंगालने पर आरोपी महिला की तस्वीरें स्पष्ट रूप से दिखाई दीं। अब पुलिस उसकी पहचान और लोकेशन की तलाश में जुटी है।
एसपी पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अमन सिंह राठौड़ जिला अस्पताल पहुंचे और जांच की। उन्होंने कहा कि फुटेज के आधार पर महिला की पहचान की जा रही है ।जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर नवजात को बरामद कर लिया जाएगा।
30 हजार का इनाम घोषित
पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान बताने वाले को 30 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि महिला की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना दें।
READ MORE: बारिश ने किसानों की कमर तोड़ी, इस क्षेत्र में हुआ सबसे ज्यादा नुकसान