विजय देवरकोंडा की किस्मत बदली एक छोटी फिल्म ने, बन गए सुपरस्टार..

नई दिल्ली । विजय देवरकोंडा की कहानी फिल्मी दुनिया में उन चुनिंदा उदाहरणों में से है, जहां संघर्ष ने सफलता की नींव रखी। हैदराबाद में एक सामान्य परिवार में जन्मे विजय का झुकाव बचपन से ही अभिनय की ओर था। परिवार की उम्मीद थी कि वह पढ़ाई करके एक स्थिर करियर चुनें, लेकिन उनका सपना फिल्मों की दुनिया में नाम कमाना था। यही सपना उन्हें लगातार आगे बढ़ने की ताकत देता रहा। करियर की शुरुआत आसान नहीं थी। शुरुआती फिल्मों में उन्हें खास पहचान नहीं मिल सकी और लगातार असफलताओं ने उनका आत्मविश्वास भी हिला दिया। काम की कमी और अनिश्चित भविष्य ने उन्हें ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया जहां उन्होंने अपने जीवन को लेकर एक सख्त फैसला लिया। उन्होंने खुद के लिए एक समय सीमा तय कर दी कि अगर उस उम्र तक उन्हें सफलता नहीं मिली तो वह अभिनय छोड़ देंगे और किसी और रास्ते पर चलेंगे। यह फैसला उनके जीवन में एक मानसिक दबाव बन गया, लेकिन यही दबाव उनके लिए प्रेरणा भी साबित हुआ। उन्होंने और मेहनत शुरू कर दी और हर मौके को गंभीरता से लेना शुरू किया। परिवार की ओर से भी करियर बदलने की सलाह मिलती रही, लेकिन विजय ने अपने सपने को छोड़ने से इनकार कर दिया। उनकी किस्मत तब बदलनी शुरू हुई जब उन्हें एक छोटे बजट की फिल्म में काम करने का अवसर मिला। यह फिल्म भले ही बड़े स्तर पर शुरुआत में ज्यादा चर्चा में नहीं रही, लेकिन धीरे-धीरे इसने उन्हें पहचान दिलानी शुरू कर दी। इस फिल्म ने उनके करियर को नई दिशा दी और दर्शकों के बीच उनकी मौजूदगी को मजबूत किया। इसके बाद एक ऐसी फिल्म आई जिसने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। इस फिल्म में उनका किरदार इतना प्रभावशाली था कि वह रातोंरात युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो गए। उनकी अभिनय शैली और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें इंडस्ट्री में अलग पहचान दिलाई और वह एक उभरते हुए बड़े स्टार बन गए। सफलता मिलने के बाद विजय ने लगातार कई सफल फिल्मों में काम किया और अपनी लोकप्रियता को और मजबूत किया। धीरे-धीरे उन्होंने खुद को सिर्फ एक अभिनेता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि फैशन और बिजनेस में भी कदम बढ़ाया। आज विजय देवरकोंडा की कहानी इस बात का उदाहरण है कि असफलताएं अगर सही दिशा में इस्तेमाल की जाएं, तो वही सफलता की सबसे बड़ी वजह बन सकती हैं। उनकी यात्रा उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है जो संघर्ष के दौर में भी अपने सपनों को जिंदा रखते हैं।
19वीं सदी की वास्तविक घटनाओं पर आधारित ‘राणाबाली’ की भव्य प्रस्तुति…

नई दिल्ली:साल की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक, ‘राणाबाली’, 19वीं सदी की वास्तविक घटनाओं पर आधारित एक पैन-इंडिया पीरियड ड्रामा के रूप में तैयार हो रही है। माइथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राहुल सांकृत्यायन कर रहे हैं, जबकि प्रोडक्शन टी-सीरीज के साथ य. रविशंकर और नवीन यरनेनी ने मिलकर किया है। फिल्म में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं, और हॉलीवुड स्टार अर्नोल्ड वोस्लू भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। राहुल सांकृत्यायन ने बताया कि फिल्म की कहानी पूरी तरह से ऐतिहासिक सच्चाइयों और भूले-बिसरे रायलसीमा की घटनाओं पर आधारित है। इसके लिए उन्होंने कई इतिहासकारों, कवियों और पुराने अभिलेखागारों से गहन शोध किया। उनका कहना है कि इतिहास केवल किताबों में ही नहीं, बल्कि गांवों, रीति-रिवाजों और अनकही कहानियों में भी मौजूद है। फिल्म के क्लाइमेक्स के कुछ दृश्यों को भी गांवों में लंबे समय तक भूले हुए रीति-रिवाजों और स्थानीय अनुभवों से प्रेरित किया गया है। फिल्म में विजय देवरकोंडा एक निडर विद्रोही के रूप में नजर आएंगे, जो उस काल और क्षेत्र की कठोर सच्चाइयों में जी रहे लोगों की आक्रामकता और दबदबे का प्रतीक हैं। इस किरदार की तैयारी के लिए उन्होंने रायलसीमा की स्थानीय बोली सीखी और घुड़सवारी की ट्रेनिंग भी ली। फिल्म के लिए महाराष्ट्र से विशेष रूप से घोड़े मंगवाए गए और उन्हें भी प्रशिक्षित किया गया। राहुल सांकृत्यायन ने बताया कि घोड़ा फिल्म में केवल एक प्रॉप नहीं बल्कि कहानी का अहम हिस्सा है। रश्मिका मंदाना फिल्म में फीमेल लीड हैं और विजय देवरकोंडा के साथ उनकी जोड़ी पहले ही दर्शकों के बीच उत्साह पैदा कर चुकी है। अर्नोल्ड वोस्लू ने फिल्म में ब्रिटिश अधिकारी सर थियोडोर हेक्टर का किरदार निभाया है। दक्षिण अफ्रीका से आने वाले वोस्लू ने फिल्म की भावनाओं और औपनिवेशिक बैकड्रॉप के लिए भाषाई ट्रेनिंग ली और स्क्रिप्ट के साथ गहराई से जुड़ गए। राहुल सांकृत्यायन ने कहा कि आज के दर्शक इतिहास और बड़े पैमाने की काल्पनिक महागाथाओं की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। इसलिए फिल्म में भव्य दृश्य, ऐतिहासिक सच्चाइयों और व्यक्तिगत संघर्षों को बड़े पैमाने पर पेश किया गया है। उन्होंने जोर दिया कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि भारतीय इतिहास और प्रतिरोध, परंपरा और औपनिवेशिक चुनौतियों की कहानियों को जीवंत करने का प्रयास है। ‘राणाबाली’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसे पैन-इंडिया स्तर पर बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा। फिल्म की स्टार कास्ट और ऐतिहासिक कथानक इसे एक बड़ा अनुभवात्मक और दर्शकप्रिय सिनेमाई अनुभव बनाने की दिशा में अग्रसर करता है।
विजय देवरकोंडा के कमेंट ने बदल दी जीवन की किस्मत, ‘राणाबाली’ में रोल मिलने का मौका

नई दिल्ली : कभी-कभी एक छोटा सा सोशल मीडिया पोस्ट ही किसी की पूरी जिंदगी बदल देता है. ऐसा ही हुआ तेलुगू डांसिंग रियलिटी शो ‘धी सीजन 15’ के कंटेस्टेंट जीवन के साथ. जीवन ने हाल ही में फिल्म ‘राणाबाली’ के एक सीन को रिक्रिएट किया और इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. वीडियो में जीवन पारंपरिक पंछे यानी धोती पहने नजर आए और खून से सना लुक दिखाते हुए इंटेंस परफॉर्मेंस दे रहे थे. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने फॉलोवर्स से कहा कि अगर यह परफॉर्मेंस पसंद आए तो फिल्म की टीम को टैग करें. जीवन का यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब विजय देवरकोंडा ने इस पर कमेंट किया. स्टार ने लिखा, “राणाबाली फिल्म्स कृपया संपर्क करें और तुरंत कास्ट करें. जबरदस्त टैलेंट है.” इसके अलावा फिल्म के ऑफिशियल हैंडल ने भी जीवन की तारीफ करते हुए लिखा, “शानदार! आपको परफॉर्म करते देखना खुशी की बात है.” विजय और फिल्म टीम का यह रिएक्शन जीवन के लिए किसी सपने के सच होने जैसा था. खुशियों से फूले नहीं समाए जीवन ने विजय के कमेंट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “विजय अन्ना, बहुत धन्यवाद अन्ना. आपने जवाब दिया, इससे मैं बहुत खुश हूं, इसे मैं जिंदगी भर याद रखूंगा अन्ना. बहुत-बहुत धन्यवाद अन्ना.” इसके बाद जीवन ने एक और इमोशनल वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने सपोर्ट करने वालों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि उनके ऑडिशन वीडियो को नोटिस करने के पीछे फॉलोवर्स का योगदान भी है. जीवन ने सोशल मीडिया की ताकत पर भी जोर दिया और कहा, “बहुत-बहुत धन्यवाद विजय अन्ना. आप जैसे लोगों का सपोर्ट करना बहुत बड़ी बात है. राणाबाली टीम को भी मेरा ऑडिशन वीडियो पसंद आया. विजय अन्ना के कमेंट के बाद उनकी टीम ने मुझसे संपर्क किया और मेरा कॉन्टैक्ट नंबर लिया. इससे साबित होता है कि सोशल मीडिया में जीरो को हीरो और हीरो को जीरो बनाने की ताकत है. उम्मीद है इससे और भी मौके मिलेंगे.” इस घटना ने यह भी साबित किया कि कभी-कभी सही समय पर सही पोस्ट और सही लोगों की नजर एक कलाकार की किस्मत बदल सकती है. जीवन की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है कि सोशल मीडिया और मेहनत से सपने सच हो सकते हैं.
विजय देवरकोंडा संग काम करने के लिए माता-पिता से भिड़ गई थीं रश्मिका मंदाना; 'राणाबल्ली' एक्ट्रेस ने खुद बयां किया अपना दर्द!

नई दिल्ली: साउथ और बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना और सुपरस्टार विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी हालिया शादी को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। 26 फरवरी को गुपचुप तरीके से शादी के बंधन में बंधने के बाद अब यह जोड़ी अपनी आगामी फिल्म “राणाबल्ली” की तैयारियों में जुटी है। इसी बीच रश्मिका मंदाना का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने खुलासा किया है कि विजय देवरकोंडा के साथ दूसरी फिल्म करने के लिए उन्हें अपने माता-पिता और परिवार से काफी जद्दोजहद करनी पड़ी थी। यह वीडियो साल 2019 में रिलीज हुई उनकी सुपरहिट फिल्म “डियर कॉम्रेड” के प्री-रिलीज इवेंट का है, जहाँ रश्मिका काफी भावुक नजर आई थीं। वीडियो में रश्मिका बताती हैं कि फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना उनके लिए कतई आसान नहीं था। उन्होंने कहा, “मैं अपने परिवार, माता-पिता और दोस्तों से लड़कर इस इंडस्ट्री में आई हूँ। अक्सर यह कहा जाता है कि यह दुनिया लड़कियों के लिए सुरक्षित नहीं है, लेकिन बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के मैंने अपनी पहचान बनाई।” रश्मिका ने आगे बताया कि जब फिल्म “डियर कॉम्रेड” की स्क्रिप्ट उनके पास आई, तो वह इसे तुरंत करना चाहती थीं। हालांकि, उनके घर में इस बात को लेकर काफी “विवाद” हुआ। उनके माता-पिता नहीं चाहते थे कि रश्मिका दोबारा विजय देवरकोंडा के साथ काम करें। रश्मिका ने परिवार को समझाते हुए स्पष्ट किया था कि फिल्म की कहानी और किरदार महत्वपूर्ण हैं, न कि सह-कलाकार। इस संघर्ष पर विजय देवरकोंडा ने भी रश्मिका का समर्थन करते हुए उनकी सराहना की थी। विजय ने कहा था कि रश्मिका का किरदार फिल्म में हर महिला का प्रतिनिधित्व करता था और उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के दबाव के बावजूद इस रोल को पूरी शिद्दत से निभाया। विजय ने रश्मिका को इसके लिए “धन्यवाद” भी दिया था। वर्तमान में, यह पावर कपल सितंबर में रिलीज होने वाली फिल्म “राणाबल्ली” के लिए तैयार है। शादी के बाद फिल्म का पहला रोमांटिक गाना रिलीज हो चुका है, जिसे फैंस का भरपूर प्यार मिल रहा है। फिलहाल दोनों सितारे शादी की थकान मिटाने के लिए एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं।
राणाबाली के नए गाने में रोमांस ओवरलोड, स्क्रीन पर फिर दिखा विजय रश्मिका का जादू

नई दिल्ली। साउथ सिनेमा के चर्चित स्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी को लेकर दफ्तर में हैं। हाल ही में उदयपुर में शादी के बंधन में बंधे इस चर्चित जोड़ों को फिल्म राणाबाली के मेकर्स ने खास अंदाज में बधाई दी है। फिल्म का नया गीत अंधैया सामी रिलीज कर मेकर्स ने नवविवाहित जोड़ों को मानो स्क्रीन पर भी नई शुरुआत का आशीर्वाद दे दिया है। गानों में विजय और रश्मिका शादी के बाद पति पत्नी के रूप में नजर आते हैं जहां उनके किरदारों के बीच धीरे धीरे पन्नाता प्रेम दर्शकों का दिल जीत रहा है।शादी के बाद की मोहब्बत का सजीव चित्रण अंधैया सामी गीत में शादी के बाद का सुकून अपनापन और नए रिश्तों की मधुर झिझक को खूबसूरती से फिल्माया गया है। वीडियो में दिखाया गया है कि शादी की रस्मों के बाद रश्मिका अपने नए घर में प्रवेश करती हैं और विजय को रोजमर्रा की जिंदगी में देखते देखते उनके करीब आती जाती हैं। दोनों के बीच की केमिस्ट्री बेहद स्वाभाविक और भावुक लगती है। इस गीत को संगीतकार जोड़ी अजय अतुल ने स्वरबद्ध किया है जबकि श्वेता मोहन और अजय गोगावले ने अपनी मधुर आवाज दी है। गीत के बोल सरस्वतीपुत्र रामजोगय्या शास्त्री ने लिखे हैं जो सीधे दिल को छूते हैं। उदयपुर में शाही अंदाज में रची गई शादी विजय और रश्मिका ने 26 फरवरी 2026 को उदयपुर के आलीशान आईटीसी ग्रैंड भारत रिसॉर्ट में निजी समारोह में सात फेरे के लिए। शादी में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी रही। तेलुगु अंग वस्त्रम रस्म और गणेश पूजा के साथ समारोह की शुरुआत हुई जिसके बाद पारंपरिक कोडवा रीति रिवाज निभाए गए। मंडप को गेंदे और चमेली के फूलों से सजाया गया था। विजय ने आइवरी सिल्क वेष्टि और अंगवस्त्रम धारण किया जबकि रश्मिका कढ़ाईदार कांजीवरम साड़ी में बेहद आकर्षक दिखीं। शादी की तस्वीरें साझा करते हुए विजय ने भावुक संदेश लिखा जिसने फैंस का दिल जीत लिया। तीसरी बार साथ देखी जाएगी हिट जोड़ी गीता गोविंदम और डियर कॉमरेड के बाद रणबाली इस जोड़ी की तीसरी फिल्म है। फिल्म में विजय रणबाली और रश्मिका जयम्मा की भूमिका निभा रहे हैं। खलनायक की भूमिका में अर्नोल्ड वोसलू नजर आएंगे जिन्हें फिल्म द ममी से खास पहचान मिली। यह फिल्म 19वीं सदी की ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित पीरियड एक्शन ड्रामा है और 11 सितंबर को सिनेमा में रिलीज होगी।
Rashmika Mandanna और Vijay Deverakonda की शादी की धूम: उदयपुर में शुरू हुए जश्न, ‘विरोश’ थीम ने खींचा ध्यान

नई दिल्ली। लंबे समय से चर्चा में चल रहे रिश्ते पर आखिरकार मुहर लग गई है। रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने आधिकारिक रूप से अपनी शादी कन्फर्म कर दी है। अक्टूबर में सगाई की खबरों के बाद से ही फैंस इस ऐलान का इंतजार कर रहे थे। अब कपल ने एक खास नोट जारी कर यह साफ कर दिया है कि वे 26 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंधेंगे। क्यों चुना उदयपुर?यह शाही शादी राजस्थान के खूबसूरत शहर Udaipur में हो रही है। झीलों, महलों और रॉयल वाइब के लिए मशहूर उदयपुर सेलिब्रिटी वेडिंग्स की पहली पसंद बन चुका है। कपल ने इस डेस्टिनेशन को इसलिए चुना ताकि शादी में शाही अंदाज़ के साथ-साथ निजीपन भी बरकरार रहे। सभी कार्यक्रम एक ही आलीशान प्रॉपर्टी में आयोजित किए जा रहे हैं। पूल पार्टी से दिखी शादी की मस्तीवेडिंग फेस्टिविटीज़ की शुरुआत मस्ती भरे अंदाज़ में हुई। विजय देवरकोंडा ने दोस्तों के साथ पूल पार्टी की झलक शेयर की, जिसमें वे वॉटर वॉलीबॉल जैसे गेम्स खेलते नजर आए। तस्वीरों से साफ है कि शादी सिर्फ पारंपरिक रस्मों तक सीमित नहीं, बल्कि दोस्तों के साथ एन्जॉयमेंट का भी पूरा इंतज़ाम है। ‘विरोश’ थीम बना खास आकर्षणरश्मिका ने भी डेकोर की झलक दिखाकर फैंस का उत्साह बढ़ाया। गुलाबी और हरे रंग की थीम पर सजी टेबल, फूलों और फलों की खूबसूरत सजावट के साथ बेहद एलिगेंट नजर आई। सबसे खास बात रही मेन्यू कार्ड, जो ‘विरोश’ लिखे कपड़े में लिपटा हुआ था। ‘विरोश’ विजय और रश्मिका के नाम का कॉम्बिनेशन है, जिसे फैंस ने सालों पहले दिया था। इस पर्सनल टच ने शादी को और खास बना दिया है। तीन दिन का भव्य समारोहरिपोर्ट्स के अनुसार, शादी के कार्यक्रम इस प्रकार हैं: 24 फरवरी – मेहंदी सेरेमनी 25 फरवरी – हल्दी और संगीत 26 फरवरी – मुख्य विवाह समारोह मेहंदी और संगीत में करीबी परिवार और खास दोस्तों की मौजूदगी रहेगी। गेस्ट लिस्ट बेहद सीमित रखी गई है और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। परंपरा और मॉडर्न स्टाइल का मेलसूत्रों के मुताबिक, शादी में साउथ इंडियन परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी, जबकि डेकोर और आयोजन में मॉडर्न एलिमेंट्स जोड़े गए हैं। खास कारीगरों और डिजाइनर्स को बुलाया गया है, ताकि हर रस्म यादगार बन सके। शाही लोकेशन, पर्सनल थीम और करीबी मेहमानों के बीच होने वाला यह समारोह 2026 की सबसे चर्चित सेलिब्रिटी वेडिंग बनने की ओर बढ़ रहा है। फैंस अब इस रॉयल वेडिंग की और झलकियों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
रश्मिका-विजय की शादी का कार्ड लीक? 26 फरवरी को वेडिंग, 4 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन का दावा

नई दिल्ली । साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर दोनों की शादी का एक कथित कार्ड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शादी और रिसेप्शन की तारीख तक का जिक्र किया गया है। हालांकि, अब तक इस कार्ड की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वायरल कार्ड के मुताबिक, विजय देवरकोंडा की ओर से संदेश लिखा गया है कि वह और रश्मिका 26 फरवरी 2026 को एक निजी और इंटिमेट समारोह में शादी करने जा रहे हैं। इसके साथ ही 4 मार्च 2026 को हैदराबाद स्थित ताज कृष्णा में शाम 7 बजे से ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित करने की बात कही गई है। कार्ड के शीर्ष पर विजय का नाम और उनके हस्ताक्षर होने का दावा किया जा रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह पारंपरिक शादी का कार्ड नहीं बल्कि उनका पर्सनल लेटरहेड है, जिसे खास मेहमानों को भेजा गया है। कार्ड में कथित तौर पर लिखा है कि “परिवार के आशीर्वाद से हम 26 फरवरी 2026 को एक छोटी और निजी सेरेमनी में विवाह कर रहे हैं।” साथ ही यह भी कहा गया है कि इस नए अध्याय की शुरुआत को वे उन लोगों के साथ सेलिब्रेट करना चाहते हैं, जो उनकी जिंदगी की इस यात्रा में साथ रहे हैं। लेकिन कपल की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, इसलिए इसे फिलहाल अपुष्ट जानकारी ही माना जा रहा है। इससे पहले भी एक इन्फ्लुएंसर वीडियो में दावा किया गया था कि दोनों उदयपुर के एक हेरिटेज वेन्यू में शादी करने वाले हैं, लेकिन बाद में वह दावा गलत साबित हुआ। वहीं एक और रिपोर्ट में कहा गया था कि ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix ने उनकी शादी के अधिकारों के लिए कथित तौर पर 60 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था, जिसे दोनों ने अपनी प्राइवेसी को प्राथमिकता देते हुए ठुकरा दिया। हालांकि, इस दावे की भी पुष्टि नहीं हो पाई है। रश्मिका और विजय के रिश्ते की चर्चा साल 2018 से होती रही है। माना जाता है कि फिल्म गीता गोविंदम और डियर कामरेड की शूटिंग के दौरान दोनों करीब आए। हालांकि, दोनों ने कभी भी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। 2025 में उनकी सगाई की खबरों ने भी फैंस को उत्साहित किया था, लेकिन उस पर भी आधिकारिक मुहर नहीं लगी। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वेडिंग कार्ड चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या यह सच में शादी का निमंत्रण है या फिर एक और अफवाह। जब तक रश्मिका और विजय खुद इस पर प्रतिक्रिया नहीं देते, तब तक इन खबरों को महज कयास ही माना जाएगा।