Chambalkichugli.com

नर्मदापुरम जिले में बदला मौसम: तेज आंधी के साथ बारिश, अगले 4 दिन शुष्क रहने का अनुमान

नई दिल्ली । नर्मदापुरम जिले में शनिवार रात अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी, बिजली की चमक और तेज हवाओं के साथ जिले के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मढ़ई और सोहागपुर क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक जोरदार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना और ठंडा हो गया। वहीं नर्मदापुरम शहर और इटारसी में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। रात की इस बारिश के बाद रविवार सुबह से मौसम पूरी तरह साफ हो गया है। आसमान साफ होते ही तेज धूप निकल आई और गर्मी का असर फिर से बढ़ने लगा। दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। उनके अनुसार रविवार को आसमान में हल्के बादल जरूर रह सकते हैं, लेकिन अगले चार दिन मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। उन्होंने कहा कि बारिश रुकने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और गर्मी का असर और तेज होगा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री रहा। तापमान में यह बढ़ोतरी गर्मी के बढ़ते प्रभाव को दर्शा रही है। वहीं जिले के हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी मौसम का असर साफ दिखाई दिया। यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। आमतौर पर ठंडे रहने वाले इस क्षेत्र में भी गर्मी का असर बढ़ने लगा है। कुल मिलाकर जिले में एक ओर जहां रात की बारिश ने राहत दी, वहीं दूसरी ओर अगले कुछ दिनों में तेज गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

तेज हवाएं, बारिश और आंधी का खतरा बढ़ा, 55 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवा, कई राज्यों में अलर्ट

नई दिल्ली।  देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफानी हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 8 मई को उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। कुछ राज्यों में तेज हवाएं 55 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने की संभावना जताई गई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश और ठंडी हवाओं का असर अब कम होने लगेगा। इसके बाद राजधानी में गर्मी एक बार फिर तेजी से बढ़ सकती है। आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने का अनुमान है। 8 मई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है। उत्तर प्रदेश में 8 और 9 मई के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। खासतौर पर पूर्वी जिलों और तराई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। बिहार में भी मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश का खतरा बना हुआ है। किशनगंज, सुपौल, अररिया और खगड़िया समेत कई इलाकों में अगले 48 घंटों तक बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। बेमौसम बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मध्य प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी हैं। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा समेत कई जिलों में आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं राजस्थान में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। राज्य के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की जा सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में भी 11 और 12 मई के दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु में भी कई जिलों में तेज बारिश के आसार हैं। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण कई राज्यों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का यही बदला हुआ रूप देखने को मिल सकता है।

चक्रवाती सिस्टम से MP में बदला रहा मौसम, मार्च की शुरुआत में फिर बारिश के आसार

भोपाल। मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम के असर से मौसम लगातार करवट ले रहा है। पिछले दो दिनों में 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई जबकि कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। इसका सीधा असर गेहूं और चने की फसलों पर पड़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना है लेकिन मार्च की शुरुआत में फिर से बारिश हो सकती है। मंगलवार को छिंदवाड़ा सिवनी बैतूल पांढुर्णा रतलाम उज्जैन बालाघाट मंडला खंडवा सीहोर रायसेन इंदौर अनूपपुर और डिंडौरी में कहीं तेज हवा के साथ बारिश तो कहीं ओले गिरे। इन जिलों में भी बरसे बादल पिछले 24 घंटों के दौरान श्योपुर शिवपुरी ग्वालियर अलीराजपुर बड़वानी धार अशोकनगर टीकमगढ़ छतरपुर पन्ना सतना मैहर रीवा मऊगंज सीधी सिंगरौली दमोह जबलपुर मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश दर्ज की गई। शिवपुरी टीकमगढ़ छतरपुर मैहर सीधी और सिंगरौली में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा। 27 फरवरी से नया सिस्टम सक्रिय मौसम विभाग के अनुसार 27 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है। इसका असर प्रदेश में भी दिखाई देगा। अनुमान है कि 1 और 2 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश हो सकती है। फरवरी में चौथी बार बदला मौसम फरवरी की शुरुआत से ही प्रदेश में अस्थिर मौसम बना हुआ है। महीने की शुरुआत में दो बार आंधी-बारिश और ओले गिरे जिससे फसलों को नुकसान हुआ और सरकार को सर्वे कराना पड़ा। इसके बाद 18 फरवरी से तीसरी बार मौसम बदला और 19 से 21 फरवरी तक असर रहा। अब 23-24 फरवरी को चौथी बार ओले-बारिश का दौर देखने को मिला। तापमान का हाल जिन जिलों में बारिश हुई वहां दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है लेकिन बाकी इलाकों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। रात के तापमान में भी ठंड का खास असर नहीं है। सोमवार-मंगलवार की रात प्रदेश के पांच बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 10.8 डिग्री दर्ज किया गया। मंदसौर में 10.9 डिग्री शाजापुर में 11.5 डिग्री चित्रकूट में 11.7 डिग्री राजगढ़ में 12 डिग्री खजुराहो में 12.2 डिग्री और दतिया में 12.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन गर्माहट बढ़ाएगी राहत, फिर पहाड़ों में बर्फ पिघलते ही लौटेगी ठिठुरन

भोपाल। मध्य प्रदेश के मौसम में अगले दो दिनों तक आम नागरिकों को सर्दी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान है। हालांकि, पहाड़ों से गुजरने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बर्फ पिघलने के बाद ठंडी हवाओं के लौटने से फिर से ठिठुरन बढ़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, फरवरी महीने में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पहाड़ों में बर्फबारी तथा बारिश की वजह से अगले दो दिन तक प्रदेश में तापमान बढ़ेगा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत कई हिस्सों में सोमवार को तेज धूप रही, जिससे दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। रात और अलसुबह ठंड का असर अभी भी महसूस होगा। आगे बदलेगा मौसम मौसम विभाग ने बताया कि जब साइक्लोनिक सिस्टम गुजर जाएगा और पहाड़ों की बर्फ पिघलेगी, तो 13, 14 और 15 फरवरी को ठंड का असर फिर से बढ़ेगा। इस दौरान उत्तर से ठंडी हवाओं का प्रभाव भी महसूस होगा। 13 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से कम रविवार और सोमवार की रात में प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। सबसे ठंडा स्थान कटनी का करौंदी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस था। अन्य ठंडे स्थानों में शहडोल (6.4), पचमढ़ी (7.4), अमरकंटक (7.8), दतिया (8.1), रीवा (8.3), राजगढ़ (8.6), उमरिया (8.8), शिवपुरी (9), मंडला (9.4), मलाजखंड (9.5) और नौगांव (9.8) डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए। पांच प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा: भोपाल 10.2, इंदौर 11.2, ग्वालियर 10.6, उज्जैन 12.4 और जबलपुर 11.4 डिग्री सेल्सियस। अगले 2 दिन मौसम का हाल 11 फरवरी: दिन में तेज धूप और तापमान में बढ़ोतरी, रात और सुबह ठंड महसूस होगी।12 फरवरी: तापमान 3-4 डिग्री तक बढ़ेगा, दिन में धूप जारी रहेगी।

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में फिलहाल नहीं होगी बारिश, जानिए इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम

MP Weather Update

MP Weather Update: भोपाल। मध्यप्रदेश में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है। पूरे राज्य में धूप का असर लगातार बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर जा रहा है जबकि रात का तापमान धीरे-धीरे गिर रहा है। आज सुबह अधिकतर शहरों में तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि दोपहर में यह 30 से 32 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। हवा में आर्द्रता का स्तर मध्यम है और वातावरण शुष्क बना हुआ है। भोपाल में हल्की धुंध के बाद निकली तेज़ धूप राजधानी भोपाल में दिन की शुरुआत हल्की धुंध के साथ हुई, लेकिन जल्द ही आसमान पूरी तरह साफ़ हो गया। दोपहर तक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में यह लगभग 21 डिग्री तक गिरने की संभावना है। इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में भी रहेगा साफ मौसम इंदौर में दिन भर तेज़ धूप रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होगी। जबलपुर और ग्वालियर में हल्की हवाएं चलेंगी और आसमान साफ रहेगा। वहीं, रीवा और सतना में देर शाम छिटपुट बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में ऐसे ही रहेंगे हालात मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले सप्ताहभर तक प्रदेश का मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा। दिन में गर्मी महसूस होगी जबकि रातें सुहावनी रहेंगी। सप्ताहांत के बाद कुछ उत्तरी जिलों में हल्के बादल छाने या बहुत हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की सलाह निवासियों को सलाह दी गई है कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, हल्के कपड़े पहनें और लंबे समय तक सीधी धूप में रहने से बचें। वहीं शाम का समय बाहर निकलने या यात्रा करने के लिए सबसे अनुकूल रहेगा। READ MORE:  23.81 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में पहुंचे 1802 करोड़ रुपए, CM Mohan Yadav बोले- मदद में कोई कमी नहीं करेंगे…