5 राज्यों के नतीजों में सियासी भूचाल: बंगाल में BJP की ऐतिहासिक जीत, ममता का किला ढहा; तमिलनाडु में विजय की TVK ने रचा इतिहास

नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों ने देश की राजनीति की तस्वीर ही बदल दी है। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में सत्ता परिवर्तन हुआ, जबकि असम और पुडुचेरी में NDA ने वापसी कर ली है। इन नतीजों ने जहां कई दिग्गजों को चौंकाया, वहीं कई बड़े राजनीतिक किले भी ढह गए। सबसे बड़ा उलटफेर पश्चिम बंगाल में देखने को मिला, जहां भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार सत्ता पर कब्जा कर लिया। पार्टी ने महज 10 साल में 3 सीटों से छलांग लगाकर 207 सीटों तक पहुंचकर इतिहास रच दिया। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस 81 सीटों पर सिमट गई। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत 22 मंत्री चुनाव हार गए, जिससे 15 साल पुराना उनका शासन खत्म हो गया। बंगाल में भाजपा का स्ट्राइक रेट करीब 70% रहा, जो इस जीत की ताकत को दर्शाता है। पार्टी ने बिना मुख्यमंत्री चेहरे के चुनाव लड़ा, ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राज्य की कमान किसे मिलेगी। संभावित चेहरों में सुवेंदु अधिकारी, सुकांत मजूमदार, दिलीप घोष और समिक भट्टाचार्य शामिल हैं। साथ ही महिला मुख्यमंत्री के विकल्प पर भी चर्चा तेज है। इस जीत में नरेंद्र मोदी और अमित शाह की रणनीति अहम मानी जा रही है। मोदी ने 242 सीटों पर प्रचार किया, जिनमें से 184 सीटों पर भाजपा को जीत मिली। वहीं ‘पन्ना प्रमुख’ जैसी रणनीति और बूथ स्तर की माइक्रो मैनेजमेंट ने भी बड़ा असर डाला। तमिलनाडु में भी बड़ा राजनीतिक भूचाल आया। यहां एक्टर विजय की 2 साल पुरानी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम ने 108 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया। 59 साल में पहली बार ऐसा होगा जब राज्य में DMK या AIADMK के अलावा किसी तीसरी पार्टी की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी चुनाव हार गए, जो इस बदलाव की बड़ी मिसाल है। केरल में 10 साल बाद कांग्रेस की वापसी हुई है, जिससे राज्य में वामपंथी सरकार का अंत हो गया। वहीं असम में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर अपनी पकड़ मजबूत की है। कुल मिलाकर, इन चुनाव नतीजों ने साफ कर दिया है कि देश की राजनीति में बड़ा बदलाव चल रहा है। कहीं दशकों पुरानी सरकारें खत्म हो रही हैं, तो कहीं नई पार्टियां तेजी से उभर रही हैं। आने वाले समय में इन नतीजों का असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी साफ देखने को मिलेगा।
बंगाल में सत्ता परिवर्तन तय? 191 सीटों पर BJP आगे, भवानीपुर में ममता vs सुवेंदु आमने-सामने

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच सियासी तस्वीर तेजी से बदलती दिख रही है। 293 सीटों पर जारी काउंटिंग के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी बढ़त बना ली है और 191 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 88 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। अब तक BJP 7 सीटें जीत चुकी है, जबकि TMC के खाते में 1 सीट आई है। सबसे हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी करीब 7 हजार वोटों से आगे चल रही हैं, जबकि उनके सामने सुवेंदु अधिकारी चुनौती बने हुए हैं। दोनों नेता काउंटिंग सेंटर पहुंच चुके हैं, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी पुलिस बल तैनात है। काउंटिंग के दौरान कुछ देर के लिए भवानीपुर के सखावत मेमोरियल सेंटर पर गिनती करीब 45 मिनट तक रुकी रही, हालांकि बाद में प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई। इस बीच कई सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज कर ली है, जिनमें मेदिनीपुर, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, मोंटेश्वर और आसनसोल दक्षिण जैसी अहम सीटें शामिल हैं। कोलकाता के साल्ट लेक स्थित BJP दफ्तर में जश्न का माहौल है और कार्यकर्ता जीत का जश्न मना रहे हैं। दूसरी तरफ, चुनावी माहौल में तनाव भी देखने को मिल रहा है। आसनसोल के चुरुलिया इलाके में TMC कार्यालय में आगजनी की घटना सामने आई है, जिसका आरोप बीजेपी पर लगाया गया है। वहीं TMC उम्मीदवारों ने कुछ बूथों पर EVM गड़बड़ी के आरोप भी लगाए हैं। नंदीग्राम सीट पर भी सुवेंदु अधिकारी मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं और हजारों वोटों से आगे चल रहे हैं। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो करीब 15 साल बाद पश्चिम बंगाल की सत्ता में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। यह न सिर्फ राज्य की राजनीति बल्कि राष्ट्रीय सियासत पर भी बड़ा असर डाल सकता है।