T20 World Cup 2026: WI को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में भारत, ईडन गार्डन्स में रचा सबसे बड़े रन चेज का विश्व रिकॉर्ड

T20 World Cup 2026: कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) ने टी-20 विश्वकप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर आठ के रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज (West Indies) को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद भारत अंतिम चार में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम बन गया। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में छठी बार है जब भारत ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए। जवाब में भारत ने 4 गेंद शेष रहते 196 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने ईडन गार्डन्स में टी20 में सबसे बड़े सफल रन चेज का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यहां 158 रन का सबसे बड़ा चेज दर्ज था, जो भारत ने ही वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था। सैमसन की ऐतिहासिक पारी जब कप्तान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन सस्ते में आउट हो गए, तब संजू सैमसन ने जिम्मेदारी संभाली। सैमसन ने 97 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उन्होंने शुरुआत से अंत तक क्रीज पर टिके रहकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने छोटी लेकिन उपयोगी पारियां खेलकर सहयोग दिया, मगर असली हीरो सैमसन ही रहे। शिवम दुबे के दो चौकों ने पलटा मैच आखिरी दो ओवरों में भारत को 17 रन की जरूरत थी। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या 17 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे दबाव बढ़ गया। इसी बीच शिवम दुबे ने क्रीज पर आते ही तीन गेंदों के भीतर दो चौके जड़ दिए। इन दो शॉट्स ने मैच का रुख बदल दिया और सैमसन पर से दबाव कम कर दिया। आखिरकार भारत ने लक्ष्य हासिल कर न सिर्फ सेमीफाइनल में जगह बनाई, बल्कि ईडन गार्डन्स में टी20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी दर्ज कर लिया।
भोपाल में दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ, सीएम डॉ. मोहन ने कहा- वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी

भोपाल। राजधानी भोपाल में एक अनूठा और प्रेरक आयोजन शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन 5 दिन तक लगातार बिना रुके क्रिकेट खेलेंगे और यह आयोजन वर्ल्ड रिकॉर्ड के आधार पर चल रहा है। सीएम ने खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि दिव्यांग होने के बावजूद खिलाड़ियों ने चुनौतियों को स्वीकार कर खेल में हिस्सा लिया है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे न्यास के माध्यम से आयोजित किया गया है जिसमें मन की बात कार्यक्रम के तहत दिव्यांग क्रिकेट महोत्सव भी शामिल है। सीएम ने यह भी कहा कि 100 घंटे लगातार क्रिकेट मैच खेला जाएगा जिससे खेलों को बढ़ावा मिलेगा और प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी। प्रतियोगिता का स्वरूप इस टूर्नामेंट में 8 राज्यों की 6 टीमें भाग ले रही हैं। कुल 100 घंटे तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 25 टी-20 मैच दिन-रात खेले जाएंगे। खिलाड़ियों की मेहनत और जोश को देखते हुए यह आयोजन वर्ल्ड रिकॉर्ड लिंका बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया है। खेल और समर्पण की मिसाल मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी शरीर की सीमाओं के बावजूद खेल के मैदान में पूरी ऊर्जा के साथ भाग ले रहे हैं। यह न केवल खेलों को बढ़ावा देगा बल्कि समाज में दिव्यांग प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश भी देगा। खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण इस आयोजन को और भी खास बनाता है। यह टूर्नामेंट न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक साबित होगा बल्कि यह यह भी दिखाएगा कि सीमाएँ केवल मानसिक हैं और सही अवसर मिलने पर कोई भी खेल की ऊँचाइयों को छू सकता है।
भारत ने तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड, ICC टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बनी टीम इंडिया

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया अब आईसीसी टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई है। टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और WTC फाइनल को मिलाकर भारत ने कुल 123 मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया के 122 मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि के साथ भारतीय टीम ने न सिर्फ अपनी निरंतरता साबित की है, बल्कि यह भी दिखाया है कि लंबे समय से वह आईसीसी टूर्नामेंट्स में कितनी मजबूत और खतरनाक टीम रही है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार तरीके से की। भारत ने अपने पहले मैच में यूएसए को 29 रनों से हराया और कई रिकॉर्ड्स बनाए। इस जीत के साथ भारत ICC वर्ल्ड कप में 100 जीत हासिल करने वाला दूसरा देश बन गया। वहीं ओवरऑल आईसीसी टूर्नामेंट्स की बात करें तो टीम इंडिया ने इतिहास रचते हुए ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया के नाम क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक 10 ICC ट्रॉफी जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। कंगारू टीम ने 6 वनडे वर्ल्ड कप, 1 टी20 वर्ल्ड कप, 2 चैंपियंस ट्रॉफी और 1 WTC का खिताब जीता है। इन 10 ट्रॉफियों के लिए उन्होंने कुल 122 मैच जीते थे। हालांकि ट्रॉफियों की संख्या में ऑस्ट्रेलिया अभी भी आगे है, लेकिन मैच जीतने के आंकड़ों में भारत अब शीर्ष पर है। टीम इंडिया के नाम फिलहाल 7 ICC ट्रॉफी हैं, जिसमें 2 वनडे वर्ल्ड कप, 2 टी20 वर्ल्ड कप और 3 चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं। भारत के बाद इस सूची में न्यूजीलैंड 101 जीत के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड 95, साउथ अफ्रीका 92 और पाकिस्तान 91 जीत के साथ आगे हैं। श्रीलंका 87, वेस्टइंडीज 82, बांग्लादेश 30, जिम्बाब्वे 19 और अफगानिस्तान 18 जीत के साथ सूची में शामिल हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का अगला मैच 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ है। इसके बाद 15 फरवरी को टूर्नामेंट का सबसे हाईवोल्टेज मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना है। लेकिन इस मुकाबले पर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। हालांकि अभी तक उन्होंने ICC को आधिकारिक तौर पर कोई पत्र नहीं भेजा है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में पाकिस्तान इस फैसले पर पुनर्विचार करेगा और मैच तय समय पर होगा।