Tansen Festival 2025: ग्वालियर में भारतीय शास्त्रीय संगीत की विरासत और तानसेन की संगीत साधना को समर्पित तानसेन समारोह 2025 का रंग सजने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित समारोह 14 से 19 दिसंबर तक तानसेन के मकबरे पर आयोजित होगा। आयोजन समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को संभाग आयुक्त की अध्यक्षता में स्थानीय समिति ने बैठक की ।
इस वर्ष समारोह का 101वां संस्करण है। इसलिए आयोजन भव्य और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध रखा जा रहा है। खास आकर्षण ग्वालियर किले पर होने वाला समवेत कार्यक्रम रहेगा, जिसमें एक हजार कलाकार एक साथ शास्त्रीय संगीत का सामूहिक गायन करेंगे।
समारोह के दौरान देश और विदेश के शीर्ष कलाकारों की शास्त्रीय, वादन, ध्रुपद और गायन प्रस्तुतियां होंगी। मुख्य कार्यक्रमों से पहले गमक श्रृंखला और पूर्व रंग सभाएं भी आयोजित की जाएंगी।
तैयारियों की गहन समीक्षा (Tansen Festival 2025)
स्थानीय समिति की बैठक में संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों का स्तर उच्च रखा जाए और अधिक से अधिक संगीत प्रेमियों तक जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित हो ।