जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजकर 35 मिनट पर ट्रांसफॉर्मर में अचानक स्पार्किंग हुई जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ ट्रांसफॉर्मर में मौजूद तेल के कारण आग तेजी से फैल गई और पास खड़ी कार को अपनी चपेट में ले लिया कार ट्रांसफॉर्मर के बेहद करीब खड़ी थी जिससे उसे बचने का कोई मौका नहीं मिला
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय लोगों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश की लेकिन स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो गया इसके बाद तुरंत फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई मौके पर पुल बोगदा और माता मंदिर क्षेत्र से दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया
इस दौरान कार के पास स्थित बिल्डिंग भी आग की चपेट में आ गई ग्राउंड फ्लोर का गेट जल गया और ऊपर तक धुआं भर गया जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई
बताया जा रहा है कि जली हुई फॉर्च्यूनर कार सेकेंड हैंड थी जिसकी कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी जा रही है कार पर औबेदुल्ला गंज जनपद अध्यक्ष के नाम की तख्ती लगी हुई थी जिसे बाद में हटा दिया गया जानकारी के अनुसार यह कार मरम्मत के लिए वहां खड़ी की गई थी
घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके जयहिंद शर्मा के अनुसार ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग के कारण आग लगने की आशंका है और पूरे मामले की जांच की जा रही है
बिजली कंपनी की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है यह घटना एक बार फिर शहर में विद्युत सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है