Chambalkichugli.com

मध्‍य प्रदेश में सर्दी ने फिर पकड़ा जोर, कटनी-शहडोल-उमरिया में पारा 4 डिग्री से नीचे

भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। लगभग 15 दिनों के अंतराल के बाद रात का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। प्रदेश में कटनी, शहडोल और उमरिया सबसे ठंडे जिले रहे। कटनी के करौंदी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राज्य के 13 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया।

पिछले तीन दिनों से ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट देखी गई है। शनिवार रात भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा। वहीं, जबलपुर में 10.8 डिग्री और उज्जैन में 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों की बात करें तो करौंदी में 3.5 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 4.9 डिग्री और उमरिया में 7 डिग्री तापमान रहा। रीवा और खजुराहो में 7.4 डिग्री, मंडला में 7.9 डिग्री, नौगांव में 8.8 डिग्री, सतना में 8.9 डिग्री तथा राजगढ़ और शिवपुरी में 9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 9.4 डिग्री और दमोह व मलाजखंड में 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अभी दो दिन और सताएगी ठंड, फिर बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में तेज सर्दी का असर बना रहेगा। इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग में ठंड का असर सबसे अधिक है। प्रदेश के पांच बड़े शहर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर—में भी तापमान 13 डिग्री से नीचे बना हुआ है। इन जिलों में 8 और 9 फरवरी को भी सर्दी का असर जारी रहेगा।

इधर, रविवार सुबह ग्वालियर-चंबल संभाग में हल्का कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने फिलहाल कोहरा और बारिश की संभावना से इनकार किया है। दिन में तेज धूप खिलने के आसार हैं, हालांकि भोपाल, सीहोर, गुना, ग्वालियर, भिंड, मुरैना सहित कई जिलों में सर्द हवाएं चलेंगी। देर रात और सुबह के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Popular News