Chambalkichugli.com

अब 100, 101, 108 नहीं… इमरजेंसी में सिर्फ 112 करेगा मदद, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश

नई दिल्ली। देश में आपातकालीन सेवाओं को लेकर अब बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और महिला हेल्पलाइन जैसे अलग-अलग नंबरों की जगह अब सिर्फ एक नंबर ‘112’ ही लोगों की मदद के लिए इस्तेमाल होगा। सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि अगले तीन महीने के भीतर सभी इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबरों को तकनीकी और संचालन स्तर पर ‘112’ से जोड़ दिया जाए। सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब सड़क हादसों और आपातकालीन स्थितियों में समय पर मदद नहीं मिलने के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। अदालत ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को समय पर ट्रॉमा केयर और आपातकालीन इलाज मिलना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार का अहम हिस्सा है। कोर्ट ने कहा कि देशभर में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को एक समान और अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत है। यह आदेश जस्टिस जेके माहेश्वरी और एएस चंदूरकर की पीठ ने जारी किया। अदालत ने कहा कि मौजूदा समय में अलग-अलग सेवाओं के लिए कई नंबर होने से आम लोगों को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। ऐसे में एकीकृत हेल्पलाइन नंबर लागू करना जरूरी हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, अब 100, 101, 102, 108, 1033 और 1091 जैसे सभी हेल्पलाइन नंबरों को ‘112’ में समाहित किया जाएगा। इसका मतलब यह होगा कि किसी भी तरह की इमरजेंसी में नागरिकों को सिर्फ एक नंबर डायल करना होगा और संबंधित सेवा तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी। अदालत ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे अगले तीन महीने में इस व्यवस्था को पूरी तरह लागू करें और इसके बाद अनुपालन रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश करें। कोर्ट ने यह भी कहा कि ‘हेल्पलाइन 112’ को लेकर व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि देश के हर नागरिक तक इसकी जानकारी पहुंच सके। सिर्फ हेल्पलाइन नंबर को एकीकृत करने तक ही अदालत ने खुद को सीमित नहीं रखा। सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों को ‘गुड समैरिटन कानून’ के तहत एक प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली विकसित करने का भी आदेश दिया है। इसका उद्देश्य सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करने वाले नागरिकों को कानूनी सुरक्षा और प्रोत्साहन देना है। इसके अलावा अदालत ने केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय और सड़क परिवहन मंत्रालय को निर्देश दिया है कि तीन महीने के भीतर ट्रॉमा मामलों के लिए एक राष्ट्रीय ‘मेडिकल रेस्क्यू प्रोटोकॉल’ तैयार किया जाए। यह प्रोटोकॉल जारी होने के बाद राज्यों को अगले तीन महीने में उसे अपने यहां लागू करना होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला देश में आपातकालीन सेवाओं को तेज, सरल और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है। एकीकृत हेल्पलाइन सिस्टम लागू होने से हादसों और संकट की घड़ी में लोगों को तेजी से सहायता मिल सकेगी और कई जानें बचाई जा सकेंगी।

तलाक के दर्द के बाद टूटा भरोसा: सुजैन खान ने क्यों बना लिया था ‘नो लव’ नियम?

नई दिल्ली। बॉलीवुड के चर्चित एक्स कपल ऋतिक रोशन और सुजैन खान भले ही अब अलग हो चुके हों, लेकिन दोनों की निजी जिंदगी आज भी सुर्खियों में बनी रहती है। हाल ही में सुजैन खान ने अपने रिश्तों, तलाक और दोबारा प्यार को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि ऋतिक से अलग होने के बाद उन्होंने तय कर लिया था कि अब वह जिंदगी में दोबारा प्यार को जगह नहीं देंगी और पूरी तरह अपने बच्चों और काम पर ध्यान देंगी। एक समय बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल माने जाने वाले ऋतिक और सुजैन ने साल 2000 में शादी की थी। दोनों की जोड़ी को फैंस काफी पसंद करते थे, लेकिन करीब 14 साल बाद 2014 में दोनों ने अलग होने का फैसला लेकर सभी को चौंका दिया। तलाक के बावजूद दोनों ने अपने रिश्ते में सम्मान और दोस्ती बनाए रखी। उनके दो बेटे हैं, जिनकी परवरिश दोनों मिलकर कर रहे हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सुजैन खान ने बताया कि तलाक के बाद वह भावनात्मक रूप से काफी टूट चुकी थीं। उन्होंने अपने मन में यह ठान लिया था कि अब उन्हें किसी नए रिश्ते में नहीं पड़ना है। सुजैन ने कहा कि उन्होंने खुद को “नो इमोशनल ड्रामा जोन” में रखने का फैसला किया था। उनका पूरा ध्यान अपने बेटों और प्रोफेशनल लाइफ पर था। सुजैन के मुताबिक, जिंदगी उस समय बदली जब उनकी मुलाकात अभिनेता अर्सलान गोनी से हुई। शुरुआत में उन्होंने रिश्ते को लेकर कोई उम्मीद नहीं रखी थी, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच गहरा जुड़ाव बन गया। सुजैन ने कहा कि अर्सलान से मिलते ही उन्हें एक अलग तरह का सुकून महसूस हुआ। उन्हें लगा जैसे दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हों। उन्होंने यह भी बताया कि अतीत में उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति को संभालने के लिए थेरेपिस्ट की मदद ली थी, लेकिन अब अर्सलान के साथ रहना उनके लिए किसी थेरेपी से कम नहीं है। दोनों पिछले कई वर्षों से साथ हैं और अक्सर सोशल मीडिया तथा सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ नजर आते हैं। दिलचस्प बात यह है कि तलाक के बाद भी ऋतिक और सुजैन के बीच रिश्ते सौहार्दपूर्ण बने हुए हैं। दोनों अपने बच्चों के लिए अक्सर साथ दिखाई देते हैं। सुजैन के पिता संजय खान भी पहले कह चुके हैं कि ऋतिक और सुजैन का अलगाव कभी कड़वाहट भरा नहीं रहा। आज भले ही दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन फैंस अब भी उन्हें बॉलीवुड के सबसे परिपक्व और सम्मानजनक एक्स कपल्स में गिनते हैं। जहां ऋतिक अभिनेत्री सबा आजाद के साथ रिश्ते में हैं, वहीं सुजैन अर्सलान गोनी के साथ अपनी नई जिंदगी में खुश नजर आ रही हैं।

DATIYA VIRAL VIDEO: बाइक बेचकर खरीदी साइकिल, दतिया से दिल्ली तक किया सफर

ROSHAN SINGH

DATIYA VIRAL VIDEO: दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया का एक युवक इन दिनों अपनी अनोखी पहल को लेकर काफी चर्चाओं में है। जहां लोग लंबी यात्रा के लिए बाइक और कार का सहारा लेते हैं, वहीं दतिया के रोशन सिंह राजपूत ने पेट्रोल-डीजल बचाने का संदेश देने के लिए अपनी बाइक ही बेच दी। अब वह साइकिल से दिल्ली तक की यात्रा पर निकले हैं और रास्ते भर लोगों को ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक कर रहे हैं।   मां पीतांबरा पीठ से शुरू हुई यात्रा रोशन सिंह राजपूत दतिया जिले के इंदरगढ़ क्षेत्र में रहते है और उन्होंने अपनी यात्रा की मां पीतांबरा पीठ से शुरू की है। उनका लक्ष्य दिल्ली के इंडिया गेट तक पहुंचना है उन्होंने इस यात्रा को मोदी अपील यात्रा का नाम दिया है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील से प्रभावित होकर उन्होंने यह कदम उठाया। Summer Skin Care Tips: गर्मी में टैनिंग, पिंपल्स और डलनेस से ऐसे बचाएं अपनी स्किन रास्ते में भी लोगों से की अपील रोशन सिंह ने अकेले ही साइकिल से यह लंबा रास्ता तय किया और वह अपने साथ एक छोटा स्पीकर भी लेकर गए जिसके जरिए उन्होंने रास्ते में लोगों को पेट्रोल-डीजल बचने का संदेश दिया। उनका मानना है कि अगर हर व्यक्ति ईंधन बचाने की दिशा में थोड़ा प्रयास करे, तो इससे पर्यावरण के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को भी फायदा मिलेगा। नितिन गडकरी ने पेश की नई कुकिंग तकनीक, इथेनॉल स्टोव से घटेगा गैस खर्च पहले कभी नहीं की साइकिल यात्रा रोशन सिंह ने बताया कि इससे पहले उन्होंने कभी इतनी लंबी दूरी तक साइकिल यात्रा नहीं की थी। लेकिन देशहित और जागरूकता फैलाने की भावना ने उन्हें यह हौसला दिया। अब उनका उद्देश्य दिल्ली पहुंचकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान से जोड़ना है।  

बॉलीवुड के चर्चित रिश्तों में शामिल महेश भट्ट की पहली शादी की कहानी

नई दिल्ली। बॉलीवुड के चर्चित फिल्ममेकर महेश भट्ट अपनी फिल्मों से ज्यादा कई बार अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। हाल ही में उनकी बेटी पूजा भट्ट ने अपने पिता की पर्सनल लाइफ और रिश्तों को लेकर खुलकर बातचीत की, जिसके बाद एक बार फिर महेश भट्ट की पहली पत्नी लॉरेन ब्राइट उर्फ किरण भट्ट चर्चा में आ गई हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि महेश भट्ट की जिंदगी का पहला प्यार किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। इस रिश्ते में बेपनाह मोहब्बत, खून से लिखे खत, शादी और फिर दर्दनाक बिछड़ाव सब कुछ शामिल था। महेश भट्ट और लॉरेन ब्राइट की मुलाकात उस समय हुई थी जब दोनों बेहद कम उम्र के थे। बताया जाता है कि महेश महज 16 साल के थे और लॉरेन 14 साल की थीं। लॉरेन उस समय एक अनाथालय में रहती थीं, क्योंकि उनकी मां आर्थिक तंगी के कारण उन्हें अच्छे स्कूल में नहीं भेज पाई थीं। महेश भट्ट ने पहली बार उन्हें स्कूल के बाहर देखा था और पहली नजर में ही दिल हार बैठे थे। हालांकि शुरुआती दौर में वे खुद को लॉरेन के लायक नहीं मानते थे, लेकिन वक्त के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। उनकी प्रेम कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू यह था कि दोनों एक-दूसरे को खत लिखकर अपने जज्बात जाहिर करते थे। कहा जाता है कि महेश भट्ट लॉरेन को अपने खून से खत लिखा करते थे। एक दर्जी उनके बीच डाकिए का काम करता था और खत पहुंचाता था। यह रिश्ता धीरे-धीरे इतना गहरा हो गया कि महेश भट्ट ने महज 20 साल की उम्र में लॉरेन से शादी कर ली। शादी के बाद लॉरेन का नाम किरण भट्ट हो गया। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे हुए- पूजा भट्ट और राहुल भट्ट। शादी के शुरुआती साल बेहद खूबसूरत रहे, लेकिन बाद में रिश्ते में दूरियां आने लगीं। इसी दौरान महेश भट्ट की जिंदगी में मशहूर अभिनेत्री परवीन बाबी की एंट्री हुई। परवीन बाबी के साथ बढ़ती नजदीकियों ने उनकी शादीशुदा जिंदगी में हलचल मचा दी। धीरे-धीरे महेश भट्ट अपनी पत्नी और परिवार से दूर होते चले गए। परवीन बाबी से रिश्ता खत्म होने के बाद कुछ समय के लिए वे फिर परिवार के करीब आए, लेकिन तब तक बहुत कुछ बदल चुका था। इसी बीच उनकी मुलाकात अभिनेत्री सोनी राजदान से हुई। महेश भट्ट सोनी राजदान से शादी करना चाहते थे, लेकिन वे पहली पत्नी को तलाक नहीं देना चाहते थे। इसके बाद उन्होंने इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम अशरफ रखा और साल 1986 में सोनी राजदान से शादी कर ली। समय के साथ महेश भट्ट की जिंदगी आगे बढ़ती रही, लेकिन लॉरेन ब्राइट गुमनामी में चली गईं। साल 2003 में 66 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। उनकी मौत की असली वजह कभी सामने नहीं आ सकी। हालांकि बॉलीवुड में जब भी महेश भट्ट की जिंदगी के सबसे गहरे और शिद्दत भरे प्यार का जिक्र होता है, तो लॉरेन ब्राइट यानी किरण भट्ट का नाम जरूर लिया जाता है।

बारिश ने बिगाड़ा खेल तो कौन पहुंचेगा फाइनल? GT vs RR मैच का पूरा गणित

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है और अब सभी की नजरें गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले जाने वाले क्वालिफायर-2 मुकाबले पर टिकी हैं। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को होने वाला यह मुकाबला तय करेगा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल में कौन सी टीम उतरेगी। हालांकि मैच से पहले मौसम सबसे बड़ा चिंता का विषय बन गया है। बारिश की आशंका ने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं और हर किसी के मन में यही सवाल है कि अगर मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया तो किस टीम की किस्मत खुलेगी। आईपीएल प्लेऑफ मुकाबलों में इस बार रिजर्व डे की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में अगर बारिश के कारण मैच प्रभावित होता है, तो सबसे पहले अंपायर और मैच रेफरी सीमित ओवरों का मुकाबला कराने की कोशिश करेंगे। यदि मौसम लगातार खराब बना रहता है और पूरा मैच संभव नहीं हो पाता, तो सुपर ओवर कराने का विकल्प मौजूद रहेगा। लेकिन अगर हालात इतने खराब हो जाएं कि सुपर ओवर भी नहीं कराया जा सके, तब आईपीएल के नियम के अनुसार लीग स्टेज की अंक तालिका के आधार पर विजेता टीम तय की जाएगी। यहीं पर गुजरात टाइटंस को बड़ा फायदा मिलता दिखाई दे रहा है। लीग चरण में गुजरात ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया था। टीम ने 18 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह बनाई थी और उसका नेट रनरेट भी मजबूत रहा। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर रही थी और उसके खाते में 16 अंक थे। ऐसे में यदि मुकाबला पूरी तरह धुल जाता है और कोई परिणाम नहीं निकलता, तो गुजरात टाइटंस सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। राजस्थान रॉयल्स के लिए यह स्थिति किसी बड़े झटके से कम नहीं होगी, क्योंकि टीम शानदार लय में नजर आ रही है। एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बनाई थी। उस मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था। उन्होंने मात्र 29 गेंदों में 97 रन ठोककर राजस्थान को यादगार जीत दिलाई थी। टीम का आत्मविश्वास फिलहाल सातवें आसमान पर है। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस की टीम भी संतुलित और मजबूत दिखाई दे रही है। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम ने पूरे सीजन लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में गुजरात मजबूत नजर आई है। ऐसे में अगर मैच पूरा खेला जाता है, तो फैंस को एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है। अब सभी की निगाहें मौसम पर टिकी हैं। अगर बारिश बीच में नहीं आती, तो दोनों टीमों के बीच फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए जबरदस्त जंग देखने को मिलेगी। लेकिन अगर मौसम ने साथ नहीं दिया, तो अंक तालिका का नियम राजस्थान के सपनों को तोड़ सकता है और गुजरात की राह सीधे फाइनल तक खोल सकता है।

MP WEATHER TODAY: नौतपा में मौसम का यू-टर्न, ग्वालियर-मुरैना में बारिश; कई जिलों में लू का अलर्ट

MP WEATHER TODAY

HIGHLIGHTS: ग्वालियर और मुरैना में बारिश से गर्मी से राहत 6 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी 27 जिलों में तापमान 43 डिग्री के पार खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा नौतपा में पेट्स पर भी बढ़ा हीट स्ट्रोक का खतरा   MP WEATHER TODAY: ग्वालियर। देशभर में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी है और नौतपा के बीच मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। इसी दौरान शुक्रवार सुबह ग्वालियर और मुरैना में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ देर के लिए राहत मिली। बता दें कि ग्वालियर में सुबह 6 बजे से रुक-रुक कर बारिश हुई और मुरैना में तेज बरसात दर्ज की गई। गुरुवार को भी दमोह समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों में मध्यप्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। Summer Skin Care Tips: गर्मी में टैनिंग, पिंपल्स और डलनेस से ऐसे बचाएं अपनी स्किन छह जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी मौसम विभाग ने ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, जबलपुर समेत 27 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट है। विभाग का कहना है कि इन जिलों में आज तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। 29 मई का राशिफल: किस राशि की चमकेगी किस्मत और किसे बरतनी होगी सावधानी प्रदेश के 10 शहरों में पारा 45 डिग्री के पार नौतपा के चौथे दिन गुरुवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। इस बिच खजुराहो सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ – 46°C दतिया – 45.7°C नौगांव – 45.5°C दमोह-मलाजखंड – 45.5°C टीकमगढ़ – 45.2°C सतना – 45.1°C मंडला – 45°C सागर – 45°C गुना – 44.7°C ग्वालियर – 44.7°C श्योपुर – 44.6°C रायसेन – 44.2°C जबलपुर – 44°C रीवा – 44°C छिंदवाड़ा – 44°C भोपाल – 43.8°C उज्जैन – 42.5°C इंदौर – 41.8°C ‘वनवासी’ शब्द को लेकर झाबुआ में सियासी बवाल, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अगले 4-5 दिन रहेंगे ‘क्रिटिकल’ मौसम केंद्र भोपाल का कहना है कि अगले 96 घंटों के दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल बारिश या गरज-चमक की कोई संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में प्रदेशवासियों को कम से कम एक हफ्ते तक इसी तरह की भीषण तपिश का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।

Summer Skin Care Tips: गर्मी में टैनिंग, पिंपल्स और डलनेस से ऐसे बचाएं अपनी स्किन

नई दिल्ली। गर्मियों का मौसम आते ही सबसे ज्यादा असर हमारी त्वचा पर दिखाई देने लगता है। तेज धूप, पसीना, धूल और बढ़ता प्रदूषण स्किन को बेजान और रूखा बना देता है। कई लोगों को टैनिंग, पिंपल्स, ऑयली स्किन और रैशेज जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अगर सही तरीके से स्किन की देखभाल की जाए, तो गर्मी के मौसम में भी त्वचा को हेल्दी, फ्रेश और चमकदार बनाए रखा जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार गर्मियों में त्वचा को सबसे ज्यादा जरूरत सफाई, हाइड्रेशन और सन प्रोटेक्शन की होती है। दिन में कम से कम दो बार चेहरे को हल्के फेसवॉश से साफ करना चाहिए ताकि त्वचा पर जमा धूल, पसीना और अतिरिक्त तेल हट सके। ऑयली स्किन वाले लोगों को जेल बेस्ड फेसवॉश का इस्तेमाल करना चाहिए, जबकि ड्राई स्किन वालों के लिए मॉइश्चराइजिंग फेसवॉश बेहतर माना जाता है। गर्मियों में सनस्क्रीन का इस्तेमाल बेहद जरूरी होता है। धूप में निकलने से पहले SPF 30 या उससे अधिक वाला सनस्क्रीन लगाने से त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाया जा सकता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि बाहर जाने से करीब 20 मिनट पहले सनस्क्रीन लगाना चाहिए और लंबे समय तक बाहर रहने पर हर तीन से चार घंटे में दोबारा लगाना चाहिए। त्वचा को अंदर से स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है। गर्मियों में शरीर जल्दी डिहाइड्रेट होता है, जिसका असर चेहरे की चमक पर साफ दिखाई देता है। दिनभर में कम से कम आठ से दस गिलास पानी पीना चाहिए। नारियल पानी, नींबू पानी और ताजे फलों का सेवन भी त्वचा को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। गर्मियों में भारी और ऑयली क्रीम की जगह हल्के जेल या वॉटर बेस्ड मॉइश्चराइजर का उपयोग करना बेहतर माना जाता है। इससे त्वचा को जरूरी नमी मिलती है और चिपचिपाहट भी महसूस नहीं होती। इसके अलावा घरेलू उपाय भी स्किन को प्राकृतिक निखार देने में मददगार साबित होते हैं। दही, बेसन और हल्दी का फेस पैक टैनिंग कम करने में मदद करता है, जबकि मुल्तानी मिट्टी और गुलाब जल ऑयली स्किन को फ्रेश बनाए रखते हैं। एलोवेरा और खीरे का रस त्वचा को ठंडक देने के साथ ग्लो भी बढ़ाते हैं। विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि खानपान का सीधा असर त्वचा पर पड़ता है। गर्मियों में तले-भुने और ज्यादा मसालेदार भोजन से बचना चाहिए। तरबूज, खीरा, पपीता और संतरे जैसे फल स्किन के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। पर्याप्त नींद और तनाव से दूरी भी त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। रात में सोने से पहले चेहरा साफ करना और हल्की नाइट क्रीम या एलोवेरा जेल लगाना त्वचा की मरम्मत में मदद करता है। वहीं ज्यादा मेकअप और बार-बार स्क्रबिंग से बचना चाहिए, क्योंकि इससे त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। अगर गर्मियों में छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए, तो तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच भी त्वचा को लंबे समय तक हेल्दी, मुलायम और चमकदार बनाए रखा जा सकता है।

29 मई का राशिफल: किस राशि की चमकेगी किस्मत और किसे बरतनी होगी सावधानी

नई दिल्ली। 29 मई 2026 शुक्रवार का दिन कई राशियों के लिए नई संभावनाएं और सकारात्मक बदलाव लेकर आने वाला है। ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति जहां कुछ राशियों को आर्थिक लाभ और करियर में सफलता दिलाएगी, वहीं कुछ लोगों को लेनदेन और रिश्तों में सतर्क रहने की जरूरत होगी। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का विस्तृत राशिफल। मेष राशि के जातकों के लिए दिन व्यापार और साझेदारी के मामलों में लाभकारी रहेगा। रुके हुए काम पूरे होंगे और भूमि-भवन से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है। नेतृत्व क्षमता मजबूत होगी और आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। वृष राशि वालों को आज अपने बजट पर विशेष ध्यान देना होगा। खर्चों में संतुलन बनाए रखना जरूरी रहेगा। किसी भी प्रकार के उधार लेनदेन से दूरी बनाकर रखें। कार्यक्षेत्र में कला और कौशल के दम पर पहचान मजबूत होगी। मिथुन राशि के लोगों के लिए दिन उत्साह से भरा रहेगा। मित्रों और करीबियों का सहयोग मिलेगा। आर्थिक लाभ के नए अवसर बनेंगे और कार्यक्षेत्र में नए प्रस्ताव मिल सकते हैं। सीखने और सिखाने की दिशा में भी प्रगति होगी। कर्क राशि वालों का ध्यान घर-परिवार और निजी सुख-सुविधाओं पर रहेगा। पारिवारिक रिश्तों में मजबूती आएगी। कार्यक्षेत्र में संयम और सम्मानजनक व्यवहार आपको लाभ दिलाएगा। सिंह राशि के जातकों को पद और प्रतिष्ठा में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। सामाजिक दायरा बढ़ेगा और प्रभावशाली लोगों से संपर्क मजबूत होंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी दूरदर्शिता लाभ दिलाएगी। कन्या राशि वालों के लिए दिन रिश्तों को मजबूत करने वाला रहेगा। पुराने मतभेद दूर होंगे और प्रियजनों से मुलाकात संभव है। सामाजिक सम्मान बढ़ेगा और लोग आपकी बातों को महत्व देंगे। तुला राशि के जातक अपने काम और व्यापार में नया प्रयोग कर सकते हैं। साझेदारी के व्यवसाय में सफलता मिलेगी और आय के नए स्रोत बनेंगे। रचनात्मकता से लाभ होगा। वृश्चिक राशि वालों को आर्थिक मामलों में बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। लेनदेन में लापरवाही नुकसान पहुंचा सकती है। खर्चों पर नियंत्रण रखें और बजट बनाकर आगे बढ़ें। धनु राशि वालों के लिए दिन सबसे ज्यादा लाभकारी साबित हो सकता है। आर्थिक लाभ उम्मीद से बेहतर रहेगा। पढ़ाई और करियर से जुड़ी योजनाओं को गति मिलेगी। आत्मविश्वास के दम पर आप नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। मकर राशि के लोगों को कार्यक्षेत्र में अनुशासन और बेहतर प्रबंधन का फायदा मिलेगा। वाहन और सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी के संकेत हैं। वरिष्ठों का सहयोग मिलेगा। कुंभ राशि वालों का भाग्य पक्ष मजबूत रहेगा। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। लंबी दूरी की यात्रा के योग बन सकते हैं। करियर में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के अवसर मिलेंगे। मीन राशि के जातकों को अपनी वाणी और व्यवहार में संतुलन बनाए रखना होगा। आर्थिक मामलों में अचानक बदलाव संभव हैं। किसी भी निर्णय में जल्दबाजी से बचें और अपनों की सलाह को नजरअंदाज न करें। सभी राशियों के लिए आज मां दुर्गा की पूजा और ‘ओम् शुं शुक्राय नमः’ मंत्र का जाप शुभ फल देने वाला माना गया है। मीठा बांटने और विनम्र व्यवहार रखने से सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी।