Chambalkichugli.com

LPG CRISES: MP में LPG संकट के बीच राहत: भोपाल-इंदौर समेत प्रमुख शहरों में गैस सप्लाई शुरू, कमर्शियल सिलेंडर भी उपलब्ध

 
LPG CRISES: भोपाल। मध्यप्रदेश में पिछले कई दिनों से चल रहे एलपीजी संकट के बीच अब राहत की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। ऑयल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई दोबारा शुरू कर दी है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत मिली है।

राजधानी भोपाल में रविवार को लगभग 14 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई, जबकि एक दिन पहले ही करीब 11 हजार सिलेंडरों की डिलीवरी की गई थी। इसके अलावा इंदौर ग्वालियर सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी सप्लाई की स्थिति में सुधार देखा जा रहा है।

राज्य सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मंत्रिमंडल की समिति लगातार गैस सप्लाई की स्थिति पर निगरानी रखे हुए है। शुरुआत में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की गई थी, लेकिन अब व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई भी बहाल कर दी गई है।

पिछले सप्ताह गैस संकट के कारण होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर बड़ा असर पड़ा था। कई जगहों पर व्यवसायियों को इंडक्शन चूल्हों और लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ा। अब सप्लाई शुरू होने से प्रदेश के करीब 50 हजार से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी तेज की जा रही है और ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त नजर रखी जा रही है। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे घबराकर अनावश्यक बुकिंग न करें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *