पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से अंधविश्वास का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तांत्रिक, अस्पताल परिसर में एक गर्भवती महिला पर झाड़-फूंक कर रहा है। इसके साथ ही उसकी चोटी काटकर उसे गोल-गोल घुमा रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
वायरल वीडियो ने उठाए सवाल
वायरल वीडियो मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के शाहनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बताया जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति, गर्भवती महिला की चोटी पकड़कर झाड़-फूंक जैसी तांत्रिक क्रियाएं करता दिख रहा है। वहीं महिला भी असामान्य हरकतें करती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर मेडिकल सुविधाओं के बीच ऐसा अंधविश्वास कैसे फल-फूल रहा है।
अस्पताल परिसर में खुलेआम झाड़-फूंक जैसी कुप्रथा सामने आने के बाद लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं। आम जनता हैरान है कि जहां विज्ञान और चिकित्सा पर भरोसा होना चाहिए। वहां अंधविश्वास कैसे पैर पसार रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग और जिम्मेदार अधिकारी अब तक चुप्पी साधे हुए हैं। उनकी यह चुप्पी भी अब सवालों के घेरे में आ चुकी है।