MP Love Jihad : भोपाल में लव जिहाद और रेप केस के आरोपियों फरहान, साद और साहिल पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। शनिवार सुबह अर्जुन नगर में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपियों के अवैध मकानों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई से पहले पूरे इलाके को बैरिकेटिंग कर सुरक्षा घेरा बना दिया गया था।
इस मामले में आरोपियों की ओर से कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए कोर्ट में आवेदन लगाया गया था, लेकिन अदालत ने किसी तरह की स्थगन राहत नहीं दी। इसके बाद प्रशासन ने तय समय पर बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया।
सरकारी जमीन कराई गई मुक्त
गोविंदपुरा एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूरी कार्रवाई नियमों के तहत की गई है। पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपियों द्वारा कब्जाई गई सरकारी जमीन को खाली कराया गया। वहीं अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
सुनियोजित अपराध का खुलासा
मानव अधिकार आयोग को दी गई शिकायतों से यह साफ हुआ कि आरोपियों ने कॉलेज छात्राओं को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया। पहले दोस्ती का झांसा देकर उन्हें फंसाया गया, फिर रेप और ब्लैकमेलिंग की गई। अश्लील वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन और निकाह के लिए दबाव बनाया गया। आयोग ने इसे एक संगठित अपराध बताया और आशंका जताई कि आरोपियों का नेटवर्क दूसरे राज्यों तक फैला हो सकता है।
समय सीमा खत्म होने पर हुई कार्रवाई
गोविंदपुरा तहसीलदार सौरभ वर्मा ने बताया कि आरोपियों को नोटिस देकर 4 सितंबर तक खुद से कब्जा हटाने का समय दिया गया था। निर्धारित समय बीतने के बाद भी परिजनों ने कोई कदम नहीं उठाया। इसके चलते प्रशासन ने शनिवार को बुलडोजर कार्रवाई कर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया।
वहीं, फरहान, साद, साहिल, नबील, अली और अबरार पर छात्राओं से रेप और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के गंभीर आरोप हैं, जिनकी सुनवाई फिलहाल कोर्ट में चल रही है।