Tanya Mittal Controversy: ग्वालियर। फेमस रियलिटी शो बिग बॉस 19 की कंटेस्टेंट तान्या मित्तल (Tanya Mittal) और उनके भाई अमृतेश मित्तल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्वालियर निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर विश्वम पंजवानी ने दावा किया है कि उन्हें तान्या और उनके भाई से जान का खतरा है। आखिर क्या है पूरा मामला जानते हैं….
पंजवानी ने आरोप लगाया है कि अमृतेश मित्तल फोन पर धमकी देने के साथ-साथ उनके घर तक पहुंच गए और डराने-धमकाने की कोशिश की। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े कुछ वीडियो भी जारी किए हैं और SP ऑफिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
आखिर क्या है पूरा मामला?
विश्वम पंजवानी ने SP ऑफिस में लिखित शिकायत करते हुए कहा है कि वह फनी वीडियो बनाते हैं। हाल ही में उन्होंने तान्या मित्तल के हाई सिक्युरिटी और महल वाले घर जैसे दावो पर वीडियो बनाए थे। इसके बाद तान्या मित्तल के भाई अमृतेश द्वारा फोन पर धमकी दी गई।
अमृतेश पर यह भी आरोप है कि उसने खुद को पुलिस वाला बताकर मिलने का दबाव भी बनाया। सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर पंजवानी का यह भी कहना है कि तान्या का भाई उसे धमकाने के लिए उसके घर तक आ गया उसके साथ काफी लोग मौजूद थे। तान्या के भाई ने धमकी दी है कि वह उसे झूठे केस में फसवा सकता है।
तान्या के कथित बयान से डरे पंजवानी
विश्वम पंजवानी का कहना है कि तान्या मित्तल ने रियलिटी शो के दौरान कई बार यह दावा किया था कि वह अपनी सिक्योरिटी से किसी को भी पिटवा सकती हैं। पंजवानी के मुताबिक, इन बयानों के बाद अब उन्हें और उनके परिवार को गंभीर खतरा महसूस हो रहा है।
इसी वजह से उन्होंने ग्वालियर एसपी ऑफिस में पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई और सुरक्षा देने की मांग की है। बता दें कि ग्वालियर निवासी तान्या मित्तल इस बार के फेमस रियलिटी शो बिग बॉस 19 की कंटेस्टेंट हैं।