1xBet promotion investigation: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet के प्रमोशन मामले में नोटिस जारी किया है। इन दोनों खिलाड़ियों से इस संदिग्ध गतिविधि के संबंध में पूछताछ की जाएगी। वहीं, इसी मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को भी आज जांच के लिए समन भेजा गया है।
युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा को ईडी समन
रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर और युवराज सिंह को 23 सितंबर को दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। वहीं, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को भी 24 सितंबर को जांच के लिए समन भेजा गया है। इन सभी से मनी लॉन्ड्रिंग के संदिग्ध पहलुओं पर भी विस्तार से पूछताछ की जाएगी। जांच में बेटिंग ऐप 1xBet के प्रमोशन से जुड़े वित्तीय लेन-देन को भी खंगाला जाएगा।
मिमी चक्रवर्ती का बयान दर्ज
सोमवार को इस मामले में पूर्व टीम इंडिया के क्रिकेटर और सांसद मिमी चक्रवर्ती का बयान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दर्ज किया है। वहीं, ED पहले ही शिखर धवन, सुरेश रैना और हरभजन सिंह से इस बेटिंग ऐप प्रमोशन मामले में पूछताछ कर चुका है। जांच अब तेजी से आगे बढ़ रही है और कई बड़े नामों से जानकारी जुटाई जा रही है।