Rahul Gandhi Vs EC BJP; Vote Chori : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन ऑडिटोरियम में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर ईवीएम और वोटिंग प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए वोट चोरी का गंभीर मुद्दा उठाया। राहुल गांधी के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तुरंत पलटवार करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
अनुराग ठाकुर का तीखा पलटवार
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के आरोपों पर करारा जवाब देते हुए तंज कसा कि राहुल गांधी की बातों में दम नहीं है। ठाकुर ने कहा, “पहले इन्होंने हाइड्रोजन बम की बात की थी, लेकिन धमाका करना इनके बस की बात नहीं है।”
उन्होंने आगे जोड़ा, “ये सिर्फ़ राजनीतिक ड्रामा कर सकते हैं, असल मुद्दों पर बात करने से ये हमेशा बचते हैं।” ठाकुर ने राहुल गांधी पर देश को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।
राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस उनके नेतृत्व में करीब 90 चुनाव हार चुकी है, जिससे उनकी हताशा साफ़ झलकती है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अब तथ्यों की बजाय निराधार और बेबुनियाद आरोपों की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने झूठे आरोप लगाना अपनी आदत बना लिया है और माफ़ी मांगना या अदालतों से फटकार सुनना अब उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर तीखा तंज कसते हुए कहा, “जिसने खुद को हाइड्रोजन बम बताया था, उसे आज पटाखों से ही संतोष करना पड़ा।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को हर बड़े मुद्दे पर सिर्फ अदालतों से फटकार ही मिली है।
चाहे वह राफेल का मामला हो, ‘चौकीदार चोर है’ नारा हो या फिर आरएसएस पर टिप्पणी। ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का एक ही पैटर्न रहा है। बिना प्रमाण के आरोप लगाओ, कीचड़ उछालो और फिर जवाबदेही से बचते हुए पीछे हट जाओ।