MP News: खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स रात के अंधेरे में कब्रिस्तान जाकर कब्रों के साथ छेड़छाड़ करता था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। वहीं आरोपी को पकड़ लिया गया है। आखिर वो कब्रों को क्यों नुकसान पहुंचा रहा था? इस सनसनीखेज मामले की पूरी कहानी जानिए आगे…
क्या है पूरा मामला
पुलिस ने इस मामले में आरोपी आयूब को खंडवा जिले के हरसूद इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आयूब रात के अंधेरे में कब्रिस्तान जाकर तांत्रिक क्रियाएं करता था। वह खासतौर पर महिलाओं की कब्रों के पास जाकर उनके बाल और नाखून निकालता था।
जानकारी के अनुसार आरोपी आयूब कुछ महीने पहले अप्रैल में जेल से रिहा हुआ था, जहां वह हत्या के आरोप में बंद था। आयूब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने धर्मशाला, शक्कर तालाब, जावर और हरसूद जैसे इलाकों में लगातार तलाश अभियान चलाया। टीम ने उसे रात के समय हरसूद से गिरफ्तार कर लिया ।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने किया खुलासा
मामले की जानकारी देते हुए खंडवा के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि आरोपी आयूब तांत्रिक गतिविधियों के लिए रात में कब्रिस्तान में जाता था। अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने खंडवा के बड़ा कब्रिस्तान में 5 कब्रें और सिहाड़ा के कब्रिस्तान में 3 कब्रें खोदकर उन्हें नुकसान पहुंचाया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। अब उसने तंत्र-मंत्र के लिए कब्रों से छेड़छाड़ जैसी गंभीर हरकत भी की है।