Gwalior News: ग्वालियर। शहर में नाबालिग पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का मौके पर मुआयना कराया और पूरे क्षेत्र में उनका जुलूस निकाला।
घटना ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र के गढ़ा इलाके की है, जहां दो दिन पहले नाबालिग अर्पित गुर्जर अपनी मोटरसाइकिल से कोचिंग जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक एक कार से टकरा गई।
इसी बात पर कार सवार सोनू धानुक और नंदू रजक ने अर्पित से मारपीट की। परिजनों के आने पर दोनों आरोपी वहां से भाग गए, लेकिन कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर लौटकर आए और नाबालिग पर एक के बाद एक दो फायर कर दिए।
पुलिस ने बरामद किया देसी कट्टा
फायरिंग की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। परिजनों ने माधौगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों बदमाशों को गैस गोदाम के पीछे से पकड़ा।
पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने फायरिंग की बात कबूल की। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। दोनों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
READ MORE: नामांतरण बंद होने से नाराज लोग पहुंचे कलेक्ट्रेट…