Smriti Mandhana: इंदौर। फिल्म निर्देशक, संगीतकार, लेखक, अभिनेता और गायक पलाश मुछाल (Palash Muchhal) ने शुक्रवार को इंदौर में घोषणा की कि वे जल्द ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana)के साथ विवाह सूत्र में बंधने जा रहे हैं। पलाश ने मुस्कुराते हुए कहा, “स्मृति जल्द ही इंदौर की बहू बनेगी। इंदौर मेरे अंदर बसता है।”
उन्होंने बताया कि उनकी बरसों से तमन्ना थी कि वे पूरी फिल्म इंदौर में शूट करें, ताकि शहर की खूबसूरत गलियां और स्थान बड़े पर्दे पर नजर आएं।
पलाश ने बताया कि महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) इस समय इंदौर में चल रहे वीमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही हैं। 19 अक्टूबर को भारत-इंग्लैंड का मैच यहीं खेला जाएगा। पलाश ने कहा कि वे स्टेडियम जाकर भारतीय टीम और स्मृति का मनोबल बढ़ाएंगे।
‘राजू बैंड वाला’ फिल्म में दिखेगा इंदौर
पलाश मुछाल (Palash Muchhal) इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘राजू बैंड वाला’ का निर्देशन कर रहे हैं। यह फिल्म बैंड बजाने वालों के जीवन, संघर्ष और भावनाओं पर आधारित है। इसमें ‘पंचायत’ फेम चंदन रॉय मुख्य भूमिका में हैं, जबकि अविका गौर नायिका हैं।
फिल्म में कई सितारे कैमियो करेंगे और संगीत जगत के कलाकार बैंड उद्योग को ट्रिब्यूट देंगे। पलाश ने कहा कि वे हमेशा साफ-सुथरी, विषय प्रधान और संदेश देने वाली फिल्में बनाना चाहते हैं।
इंदौर में फिल्म प्रोडक्शन हाउस खोलने की योजना
पलाश ने कहा, “इंदौर में तकनीकी साधनों की कमी जरूर है, लेकिन लोकेशन्स की कोई कमी नहीं। यहां के लोग बहुत सहयोगी हैं, इसलिए मैं यहां एक प्रोडक्शन हाउस शुरू करने की योजना बना रहा हूं।” ‘राजू बैंड वाला’ का पहला शूटिंग शेड्यूल पूरा हो चुका है और दिसंबर में दूसरा शेड्यूल इंदौर में होगा। फिल्म अगले साल अप्रैल में एक लीडिंग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जाएगी।
‘राजू बैंड वाला’ का किरदार सबसे चुनौतीपूर्ण
फिल्म के नायक चंदन रॉय ने कहा कि यह उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण रोल है। उन्होंने बैंड वालों के जीवन को समझने के लिए ट्रंपेट बजाने की ट्रेनिंग भी ली। उन्होंने बताया कि पलाश के निर्देशन की खासियत यह है कि वे कलाकारों को पहले ‘खाली कैनवास’ बनने की सलाह देते हैं, फिर उनमें रंग भरते हैं।
READ MORE: दहेज में भैंस नहीं मिलने पर ससुराल ने नवविवाहिता को किया परेशान , जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान