Datiya by election: दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में आज राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर रहने वाली है। चूंकि नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है। भाजपा और कांग्रेस दोनों अपने-अपने उम्मीदवारों के साथ बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। सुबह से ही भाजपा कार्यालय पर समर्थकों का जुटना शुरू हो गया है।
वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह भी आज नामांकन दाखिल करेंगे। उनके समर्थन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
शक्ति प्रदर्शन पर रहेगी नजर
नामांकन के दौरान दोनों दल अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश करेंगे। बड़ी रैलियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ के जरिए भाजपा और कांग्रेस चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने का प्रयास करेंगी।
जातीय समीकरण पर दोनों की नजर
दतिया उपचुनाव में जातीय समीकरण भी अहम माना जा रहा है। यही वजह है कि दोनों दल अलग-अलग वर्गों को साधने के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतार चुके हैं। चुनाव प्रचार के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक संतुलन बनाने पर भी खास जोर दिया जा रहा है।
PM मोदी ने विदेशी नेताओं को दिए भारतीय विरासत से जुड़े उपहार, झलकी अनोखी ‘कल्चरल डिप्लोमेसी’
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को नतीजे
दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि दतिया की जनता किस उम्मीदवार के पक्ष में फैसला सुनाती है।