Bhind News : भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में दीपावली की रात एक दलित युवक के साथ हुई मारपीट और जबरन यूरिन पिलाने की घटना सामने आई है। पीड़ित के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जंजीरों से बांधकर 4 घंटे तक पीटा
पीड़ित युवक ने बताया कि भिंड के सोनू बरुआ, आलोक शर्मा और छोटू दीपावली के दिन उसके घर पहुंचे। वे उसकी जीप चलाने की मांग कर रहे थे, लेकिन जब उसने मना किया तो तीनों उसे ग्वालियर से जबरन भिंड ले गए। रास्ते में सेमरपुरा मोड़ पर उन्होंने उसे बेरहमी से पीटा और पेशाब पिलाई। इसके बाद सोनू बरुआ की कोठी में ले जाकर उसे जंजीरों से बांध दिया गया और करीब चार घंटे तक पीटा गया।
भीम आर्मी के दखल के बाद दर्ज हुई FIR
घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता और दलित नेता थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। शुरू में पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की, जिसके बाद सुरपुरा थाने का घेराव किया गया। भीम आर्मी नेता देशराज लहरिया ने बताया कि घेराव के बाद ही शाम 7 बजे FIR दर्ज की गई।
आरोपी आलोक शर्मा के भाई सौरभ शर्मा ने कहा कि उनके भाई को झूठे मामले में फंसाया गया है। उन्होंने दावा किया कि केवल झगड़े को गलत तरीके से पेश कर यह गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
भिंड एएसपी संजीव पाठक ने बताया कि शिकायत पर सोमवार रात मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।
READ MORE: सामूहिक विवाह योजना में नए नियम, अब ये दस्तावेज़ होंगे अनिवार्य