Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के धार जिले में दिवाली के बाद मनाया जाने वाला गाय गोहरी पर्व इस बार भी आस्था और परंपरा का संगम लेकर आया। सरदारपुर के गवलीपुरा गांव में मंगलवार को यह अनोखा पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान गांव की गलियों को सजाया गया और गायों को फूल-मालाओं से श्रृंगारित किया गया।
पर्व का सबसे आकर्षक और रोमांचक दृश्य तब देखने को मिला जब मन्नत पूरी करने वाले लोग जमीन पर लेट गए और उनके ऊपर से सैकड़ों गायें गुजरीं। ग्रामीणों की मान्यता है कि ऐसा करने से उनके सभी दुख-दर्द दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
यह परंपरा सदियों पुरानी है और पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है। कहा जाता है कि जब किसी की मन्नत पूरी होती है तो वह व्यक्ति एक साल, तीन साल, पांच साल या आजीवन इस दिन गायों के नीचे लेटकर अपनी आस्था व्यक्त करता है।
गांव में इस मौके पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने इसे आस्था, विश्वास और परंपरा का पर्व बताया, जबकि कई बाहरी आगंतुक इस अनोखी परंपरा को देखने दूर-दूर से पहुंचे।
READ MORE: दलित युवक को पीटने और यूरिन पिलाने का आरोप, भीम आर्मी ने किया थाने का घेराव