India Vs Australia 3rd ODI Playing: सिडनी में शनिवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा वनडे खेला जाएगा, जो टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ियों विराट कोहली (Virat Kohli ) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के लिए ऑस्ट्रेलिया की धरती पर आखिरी इंटरनेशनल मैच साबित हो सकता है।
भारत पहले ही सीरीज 0-2 से गंवा चुका है। अब टीम पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले मैच में 7 विकेट से और दूसरे मैच में 2 विकेट से जीत दर्ज की थी। अगर भारत तीसरा वनडे हारता है तो यह पहली बार होगा जब कंगारू टीम ने भारत को वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया होगा।
विराट-रोहित का आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा क्यों
विराट कोहली (Virat Kohli) अब 36 साल के हैं । रोहित शर्मा 38 साल के हैं। दोनों खिलाड़ी पहले ही टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। फ्यूचर टूर प्रोग्राम के मुताबिक भारत का अगले दो साल तक कोई ऑस्ट्रेलिया दौरा तय नहीं है। यानी अगर दोनों 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक खेलते भी हैं, तब भी वे ऑस्ट्रेलिया में इंटरनेशनल मैच नहीं खेल पाएंगे।
कोहली का खराब फॉर्म जारी
इस सीरीज में विराट कोहली (Virat Kohli) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। उन्होंने पर्थ में 8 गेंदों पर 0 रन और सिडनी में 4 गेंदों पर 0 रन बनाए हैं। यानी पूरी सीरीज में अब तक उन्होंने 12 गेंदों पर एक भी रन नहीं बनाया है। टीम को उनसे तीसरे वनडे में बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
सिडनी में भारत का रिकॉर्ड खराब
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम ने पिछले 9 साल से कोई वनडे नहीं जीता है। भारत की यहां आखिरी जीत 23 जनवरी 2016 को दर्ज की गई थी। उसके बाद से टीम ने लगातार तीन मुकाबले गंवाए हैं।
हेड-टु-हेड आंकड़े
ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच अब तक ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर 56 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से 40 मुकाबले ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं, जबकि 14 मैच भारत के नाम रहे। दो मैच बिना नतीजे के खत्म हुए।
कुल मिलाकर दोनों देशों के बीच 154 वनडे हुए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने 86 और भारत ने 58 मैच जीते हैं। 10 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं।
READ MORE: शुभमन गिल की कप्तानी में भारत को एडिलेड में करारी हार, वनडे सीरीज भी ऑस्ट्रेलिया के नाम