MP News: मध्यप्रदेश में लोक निर्माण विभाग (PWD) अब अपनी सभी सड़कों और पुलियों का डिजिटल मैप तैयार करेगा। इसके लिए विभाग ने सर्वेक्षण ऐप विकसित किया है, जिससे सड़कों की लंबाई, चौड़ाई, सतह और पुलियों का पूरा विवरण मोबाइल पर उपलब्ध होगा।
सर्वेक्षण ऐप की खासियतें
इस ऐप को भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान (BISAG-N), गुजरात ने निःशुल्क विकसित किया है। महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों ने भी इसी तरह के ऐप के लिए BISAG-N से संपर्क किया है।
PWD के सभी इंजीनियरों के पास लॉगिन आईडी होगी। ऐप के माध्यम से विभाग अपनी सड़क और पुली का सारा डेटा मोबाइल पर देख सकेगा, जिससे डीपीआर तैयार करने और नए निर्माण कार्य की योजना बनाने में समय की बचत होगी।
68,000 किलोमीटर सड़कों का डेटा डिजिटल
राज्य में लोक निर्माण विभाग के पास लगभग 68,000 किलोमीटर सड़कें हैं। विभाग के मुख्य अभियंता के.पी.एस. राणा के अनुसार, निर्माण कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में इस डेटा का उपयोग किया जाएगा।
सरकारी भवन और पुल होंगे शामिल
ऐप के अगले चरण में, लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सभी सरकारी भवनों और पुलों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
लोक पथ ऐप में जियो-लोकेशन और ब्लैक स्पॉट्स
लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऐप में जियो-लोकेशन की जानकारी होगी। इसमें सड़क पर ब्लैक स्पॉट्स और सड़क किनारे स्थित बुनियादी सुविधाओं जैसे पेट्रोल पंप और टोल प्लाजा की लोकेशन भी शामिल होगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और उपयोगकर्ताओं को आसानी से गाड़ी चलाने में मदद मिलेगी।
READ MORE: भिंड में रेत माफियाओं पर कलेक्टर की सख्ती,पांच ट्रैक्टर-ट्राली जब्त…