Jaipur Bus Fire Accident : जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मनोहरपुर इलाके में मजदूरों से भरी एक बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे बस में आग लग गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
बस में कई गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें आग लगते ही जोरदार धमाके हुए। मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे के बाद आसपास का इलाका धुएं से भर गया।
बताया जा रहा है कि बस में सवार मजदूरों को टोडी स्थित ईंट भट्टे पर ले जाया जा रहा था। तभी अचानक बस ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई और उसमें करंट फैल गया। आग लगने के बाद बस में मौजूद सिलेंडर फटने से धमाके हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में इमरजेंसी टीम को अलर्ट कर दिया गया है। गंभीर रूप से झुलसे पांच लोगों को वहां रेफर किया गया है। जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग कई बार की जा चुकी थी, लेकिन प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद लोगों में नाराजगी है।
15 दिन में देश का पांचवां बड़ा बस हादसा
- 14 अक्टूबर: जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलती AC स्लीपर बस में आग, 27 यात्रियों की मौत।
- 24 अक्टूबर: आंध्रप्रदेश के कुरनूल में बस और बाइक की टक्कर के बाद आग, 20 की मौत।
- 25 अक्टूबर: एमपी के अशोकनगर में बस में आग, इंदौर जा रहे यात्री बाल-बाल बचे।
- 26 अक्टूबर: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चलती बस का टायर फटने के बाद आग, 70 यात्री सुरक्षित निकले।
- 28 अक्टूबर: जयपुर के मनोहरपुर में हाईटेंशन लाइन से टकराई बस में आग, 3 की मौत।
READ MORE: गुना दोहरे हत्याकांड में 10 आरोपियों को उम्रकैद, एक दिन में तीन बार किया था हमला..