India Vs Australia 1st T20: क्रिकेट फैंस के लिए आज बड़ा मुकाबला है। वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया आज दोपहर 2:15 बजे से नंबर-2 रैंक ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। मैच कैनबरा के मनुका ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टॉस 1:45 बजे होगा। एशिया कप जीतने के बाद भारत का यह पहला टी-20 मैच है।
टीम इंडिया की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभालेंगे, जबकि मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया की कमान में नजर आएंगे। भारत को हाल ही में वनडे सीरीज में 1-2 की हार झेलनी पड़ी थी, हालांकि सिडनी वनडे में टीम ने शानदार वापसी करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की थी। उस मैच में रोहित शर्मा ने 121 और विराट कोहली ने 74 रन की नाबाद पारियां खेली थीं।
मिशन 2026 वर्ल्ड कप की शुरुआत
यह सीरीज टीम इंडिया के लिए सिर्फ जीत की नहीं, बल्कि टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी का भी हिस्सा है। सूर्यकुमार यादव पिछले एक साल से टी-20 कप्तान हैं । अब उन पर टाइटल डिफेंड करने की जिम्मेदारी है। सूर्या ने कहा, “यह वर्ल्ड कप की तैयारी है, लेकिन सीरीज काफी चुनौतीपूर्ण रहेगी। उम्मीद है कि हमारे लिए यह सीरीज शानदार साबित हो।”
कैनबरा में भारत का रिकॉर्ड
टीम इंडिया ने कैनबरा के मनुका ओवल में अब तक एक ही टी-20 खेला है, जिसमें भारत ने 2020 में 11 रन से जीत हासिल की थी। खास बात यह है कि भारत ने अब तक ऑस्ट्रेलिया में 2 या उससे अधिक मैचों की कोई टी-20 सीरीज नहीं गंवाई है। टीम ने यहां 2016 और 2020 में दो सीरीज जीतीं और दो सीरीज ड्रॉ खेलीं।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी-20 हेड-टू-हेड
अब तक दोनों टीमों के बीच 32 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 20 और ऑस्ट्रेलिया ने 11 मैच जीते हैं, जबकि 1 मुकाबला बेनतीजा रहा। ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर दोनों के बीच हुए 12 मैचों में भारत ने 7, ऑस्ट्रेलिया ने 4 मैच जीते, और 1 मैच बेनतीजा रहा।
READ MORE: कैसी है श्रेयस अय्यर की हालत ? परिवार जल्द पहुंचेगा ऑस्ट्रेलिया…