Chambalkichugli.com

GUNA NEWS: थार कांड के पीड़ितों से मिले दिग्विजय सिंह, रास्ते में हंसी-मजाक का वीडियो वायरल..

GUNA NEWS

GUNA NEWS: गुना। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मंगलवार को गुना जिले के फतेहगढ़ के गणेशपुरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने थार कांड में मारे गए किसान रामस्वरूप नागर के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे रास्ते में कार्यकर्ताओं से मिलते और हंसी-मजाक करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर सियासत गरमा गई है।

पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा— “शोक संवेदना या सिर्फ नौटंकी? मृतक परिवार के यहां शोक व्यक्त करने पहुंचे दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह जी, लेकिन पहुंचने से पहले फूल-मालाओं से स्वागत और ठहाके! ये कैसी संवेदना है?”

घटना का बैकग्राउंड

रविवार को गणेशपुरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर किसान रामस्वरूप नागर पर हमला हुआ था। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में भाजपा नेता महेंद्र नागर समेत 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें मुख्य आरोपी भी शामिल है।

दिग्विजय सिंह ने सरकार पर साधा निशाना

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद दिग्विजय सिंह ने प्रदेश सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “इलाके में दबंगई हो रही थी, तब डबल इंजन की सरकार क्या कर रही थी?”

उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को मृतक रामस्वरूप नागर ने थाने में जान-माल की सुरक्षा के लिए शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रशासनिक लापरवाही का मामला है।

सिंधिया पर भी बोला हमला

दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि “सिंधिया को गणेशपुरा आकर देखना चाहिए कि उनके लोग किस तरह की दबंगई कर रहे हैं।” साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि मृतक किसान की बेटी को 12वीं कक्षा पास करने के बाद शासकीय शिक्षक की नौकरी दी जाए।

READ MORE: जिला अस्पताल से नवजात चोरी, आरोपी महिला पर 30 हजार का इनाम घोषित

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *