Operation Sindoor: अंबाला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार सुबह अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से फाइटर जेट राफेल में उड़ान भरी। इस दौरान उनके साथ स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह मौजूद थीं। वही शिवांगी, जिन्हें पाकिस्तान ने कुछ महीने पहले “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान पकड़े जाने का फर्जी दावा किया था।
यह उड़ान सुबह 11:10 बजे शुरू हुई और 11:50 बजे समाप्त हुई। राष्ट्रपति के साथ उड़ान भरने वाला राफेल ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी ने उड़ाया। वे इंडियन एयरफोर्स की नंबर 17 स्क्वॉड्रन ‘गोल्डन एरोज़’ के कमांडिंग ऑफिसर हैं। वहीं, राष्ट्रपति के राफेल को एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने दूसरे एयरक्राफ्ट से एस्कॉर्ट किया।
PIB ने 10 मई को पाकिस्तान के इस झूठे दावे का खंडन किया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शिवांगी सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
राष्ट्रपति मुर्मू भारतीय वायुसेना के दो फाइटर विमानों में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन गई हैं। इससे पहले, 7 अप्रैल 2023 को उन्होंने असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई-30 MKI फाइटर जेट में उड़ान भरी थी।