Chambalkichugli.com

Ashoknagar Hospital: बेड पर बैठकर शराब पीते पकड़े गए मरीज और उसके साथी, नर्स का गुस्सा फूटा…

Ashoknagar Hospital

Ashoknagar Hospital: अशोकनगर। जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड से अनुशासनहीनता और लापरवाही का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वार्ड में भर्ती मरीज देवेंद्र यादव अपने रिश्तेदारों संग अस्पताल के बेड पर बैठकर शराब पीता नजर आया। नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी ने मौके पर पहुंचकर सभी को रंगे हाथ पकड़ा। घटना गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नर्स ने कहा यह अस्पताल है हमारा मंदिर

वीडियो में नर्सिंग ऑफिसर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अस्पताल सेवा का स्थान है। यहां इलाज होता है और आप लोग शराब पी रहे हैं। यह शर्म की बात है। नर्स ने कहा कि स्टाफ दिन रात मरीजों के लिए ड्यूटी कर रहा है। फिर भी इस तरह का व्यवहार नहीं चलेगा।

गिलास छुपाने की कोशिश

नर्स के सवाल करते ही मरीज और उसके साथी गिलास छुपाने लगे और बहाना बनाया कि वे भोजन कर रहे हैं। हालांकि नर्स ने गिलास उठाकर कैमरे में दिखाया जिसमें शराब भरी थी। कड़ी फटकार के बाद मरीज और उसके साथी अपनी गलती स्वीकार करते नजर आए और कहा कि दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेंगे।

सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र सिखावत ने बताया कि नर्सिंग ऑफिसर ने बिल्कुल सही कार्रवाई की। अस्पताल में इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई तय है।

READ MORE: अचानक बिगड़ी कैलाश विजयवर्गीय की तबीयत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *