Chambalkichugli.com

MP Rain Alert: तूफान और मूसलाधार बारिश… आज कई जिलों में बिगड़ेगा मौसम

MP Weather Update

MP Rain Alert : मध्य प्रदेश में मौसम फिर सक्रिय हो गया है। कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। चक्रवाती तूफान मोंथा के अवशेष, अरब सागर में बने डिप्रेशन और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में व्यापक वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार 31 अक्टूबर को 10 से अधिक जिलों में बारिश की चेतावनी दी है। बाकी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन, पूर्वी मध्य प्रदेश के पास लो प्रेशर एरिया और दक्षिण छत्तीसगढ़ में एक सिस्टम सक्रिय है। इन तीनों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में तेज हवाएं और झमाझम बारिश की स्थिति बनी हुई है। अगले 24 घंटे तक मौसम सक्रिय रहेगा। उसके बाद ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो सकता है।

आज जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें आलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, खरगोन, सतना, सीधी, सिंगरौली, रीवा और मऊगंज शामिल हैं। इन जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके अलावा नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और पन्ना में भी हल्की बारिश के संकेत हैं। मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

गुरुवार को भी कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। दतिया में 1.5 इंच, जबलपुर में 1.25 इंच, गुना में 0.6 इंच और मंडला व मलाजखंड में 0.5 इंच पानी दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रीवा, नर्मदापुरम और शहडोल संभागों में भारी से मध्यम बारिश का असर देखा गया। इससे कुछ जगहों पर फसलों को नुकसान पहुंचा, लेकिन रबी सीजन के लिए नमी लाभकारी साबित होगी।

बारिश की वजह से तापमान में भी तेज गिरावट आई है। दतिया का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। नौगांव में 22.5, गुना में 22.7, पचमढ़ी में 23.8 और खजुराहो में 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के बीच रहा। आने वाले दिनों में तापमान और गिरने के संकेत हैं । प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ सकता है।

READ MORE: बेड पर बैठकर शराब पीते पकड़े गए मरीज और उसके साथी, नर्स का गुस्सा फूटा…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *