Chambalkichugli.com

माखनलाल विश्वविद्यालय के छात्र दिव्यांश चौकसे की मौत, इंस्टाग्राम पर चलाता था 5 लाख फॉलोअर्स वाला NCERT पेज

MCU Student Death

MCU Student Death: भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में गुरुवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। जनसंचार विभाग का 22 वर्षीय छात्र दिव्यांश चौकसे तीसरी मंजिल की बालकनी से गिर गया। गंभीर चोटों के कारण हालत नाजुक रही और शुक्रवार रात करीब 10 बजे उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

दिव्यांश रायसेन जिले का निवासी था और मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MMC) के पहले सेमेस्टर में पढ़ाई कर रहा था। सोशल मीडिया पर उसका ‘NCERT ज्ञान’ नाम से शैक्षणिक इंस्टाग्राम पेज था, जिस पर 5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुड़े थे। छात्र समुदाय में दिव्यांश शिक्षा कंटेंट और गाइडेंस के लिए काफी लोकप्रिय था।

बालकनी पर हुआ हादसा (MCU Student Death)

घटना 30 अक्टूबर सुबह करीब 11:30 बजे हुई। क्लास ब्रेक में दिव्यांश बालकनी में गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया। जोरदार आवाज सुनते ही छात्र और स्टाफ नीचे पहुंचे। सिर, छाती और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। उसे पहले गीतांजलि अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत बिगड़ने पर सेज अपोलो में शिफ्ट किया गया। वेंटिलेटर सपोर्ट के बावजूद वह जिंदगी नहीं बचा सका।

पुलिस जांच जारी (MCU Student Death)

रातीबाड़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्राथमिक रूप से हादसा पैर फिसलने का माना जा रहा है लेकिन पुलिस सभी एंगल्स की जांच कर रही है। साथी छात्रों, स्टाफ और गवाहों से बयान लिए जा चुके हैं। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने कहा कि “कोई भी पहलू नजरअंदाज नहीं किया जाएगा”। साथ ही बालकनी की रेलिंग और फर्श की स्थिति भी जांच के दायरे में है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *