ICC Women’s World Cup 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 47 साल की प्रतीक्षा को खत्म करते हुए पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप जीत लिया। नवी मुंबई स्थित डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से मात दी। इस जीत के साथ महिला क्रिकेट में भारत ने पहली ICC सीनियर ट्रॉफी हासिल कर इतिहास रच दिया।
फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए। इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में मैदान पर उतरी युवा ओपनर शेफाली वर्मा ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 87 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलायी। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने 58, स्मृति मंधाना ने 45 और ऋचा घोष ने 34 रन जोड़े। साउथ अफ्रीका की ओर से आयाबोंगा खाका ने 3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 246 रन पर सिमट गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने शानदार शतक लगाया, पर टीम को जीत तक नहीं ले जा सकीं। भारत की तरफ से पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर शेफाली वर्मा ने गेंदबाजी में भी कमाल किया और दो अहम विकेट लेकर मैच का मोमेंटम बदला। वहीं दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए। उन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द फाइनल का पुरस्कार मिला।
आखिरी विकेट गिरते ही स्टेडियम में जश्न का माहौल बन गया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर मैदान में खिलखिलाते हुए नजर आयीं। खिलाड़ियों ने तिरंगा ओढ़कर ग्राउंड का चक्कर लगाया और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।
भारत का वर्ल्ड कप सफर
महिला वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 1973 में हुई थी। भारत ने पहली बार 1978 में हिस्सा लिया। 2005 और 2017 में भारत फाइनल में पहुंचा पर खिताब जीतने में सफल नहीं हुआ। 2025 में टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद इमोशनल कमबैक किया और फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर इतिहास रच दिया।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया सात और इंग्लैंड चार बार चैंपियन रहे हैं। न्यूजीलैंड ने 2000 में खिताब जीता था। भारत 25 साल बाद नया वर्ल्ड चैंपियन बना है।
READ MORE: सायबर अपराधों का खतरा बढ़ा, डिजिटल सतर्कता समय की जरूरत – डॉ. वरुण कपूर