Gwalior News: ग्वालियर में देर रात खूनी गैंगवार से शहर दहल उठा। वर्चस्व और पांच लाख रुपये के विवाद में बदमाशों ने कार सवार दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में हवलदार का बेटा और उसका साथी घायल हुआ। वारदात के दौरान 15 मिनट में 35 से ज्यादा गोलियां चलाई गईं।
घासमंडी से लौटते समय कार को रोका
घटना घासमंडी, कोटेश्वर रोड पर रविवार रात से सोमवार तड़के के बीच हुई। शिवनगर घोसीपुरा निवासी विजय सिंह गौड़ का दोस्त बल्लू सरदार और हाकिम सिंह बघेल अपने साथी को छोड़कर लौट रहे थे। कोटेश्वर रोड पर अचानक रिंकू कमरिया और उसके साथियों ने कार को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी।
हवलदार का बेटा गंभीर
लगातार फायरिंग में विजय गौड़ के पैर में तीन गोलियां लगीं और हाकिम सिंह को एक गोली लगी। दोनों को तुरंत हजीरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
रिंकू कमरिया गैंग का नाम सामने
हमले में रिंकू कमरिया, अन्नी कमरिया, छोटू कमरिया, कालू कमरिया और रमेश कमरिया शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार विवाद पांच लाख रुपये के लेनदेन और गैंग वर्चस्व से जुड़ा बताया जा रहा है।
इलाके में दहशत
लगातार गोलीबारी की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को अस्पताल भेजा। हमलावर वारदात के बाद हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम तैनात की गई है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर दबिशें दी जा रही हैं।