HIGHLIGHTS:
- कांग्रेस पार्टी का सोशल मीडिया वॉरियर्स अभियान शुरू
- डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने की तैयारी
- 15 जून तक किए जाएंगेआवेदन
- इंटरव्यू के बाद जरी होगी फाइनल लिस्ट
- युवाओं से जुड़ने की अपील

Congress Social Media Campaign: अशोकनगर। कांग्रेस पार्टी ने अपने डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने और सोशल मीडिया पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के लिए नया अभियान शुरू किया है। रविवार शाम जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र कुशवाहा ने ‘सोशल मीडिया वॉरियर्स’ अभियान की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) देशभर में अपने डिजिटल और सोशल मीडिया विंग को सशक्त बनाने के लिए यह विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी जून 2026 से राज्य स्तर पर इस पहल को तेज गति से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
रीवा को मिली तैराकी की बड़ी सुविधा, मिहिर सेन तरणताल फिर से शुरू; महिलाओं के लिए अलग समय तय
जिला और विधानसभा स्तर पर बनेगी टीम
अभियान के तहत जिला और विधानसभा स्तर पर सोशल मीडिया टीमों का गठन किया जाएगा। इन टीमों में ऐसे युवाओं को शामिल किया जाएगा जो कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रभावी ढंग से काम करने की क्षमता रखते हों।
राजेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह अभियान युवाओं, जागरूक नागरिकों और डिजिटल क्रिएटर्स को संगठन से जोड़ने का एक अहम प्रयास है, ताकि डिजिटल माध्यमों पर पार्टी की पहुंच को और मजबूत किया जा सके।
इन लोगों को मिलेगी प्राथमिकता
कांग्रेस ने अभियान में लेखक, ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, ब्लॉगर, कार्टूनिस्ट, कवि, सामाजिक कार्यकर्ता और लोक कलाकारों को प्राथमिकता देने की बात कही है। इसके अलावा महिलाओं और स्वतंत्र पत्रकारों की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
15 जून तक कर सकेंगे आवेदन
अभियान से जुड़ने के इच्छुक प्रतिभागी 15 जून तक ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 से 23 जून के बीच जिला कार्यालयों में इंटरव्यू आयोजित किए जायेंगे।
30 जून को जारी होगी अंतिम सूची
इंटरव्यू के बाद चयनित सोशल मीडिया वॉरियर्स की अंतिम सूची 30 जून को जारी की जाएगी। इसके बाद जिला और विधानसभा स्तर पर टीमों का गठन कर उन्हें डिजिटल अभियान से जोड़ा जाएगा।
युवाओं से जुड़ने की अपील
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र कुशवाहा ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम बन चुका है और युवाओं की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।