Chambalkichugli.com

Ashoknagar News: बदहवास हालत में मिले 5 गौवंश , एक की मौत…

Ashoknagar News

Ashoknagar News: अशोकनगर के बहादुरपुर क्षेत्र में खोपरा और सोपरा गांव के बीच स्थित पठार पर बुधवार सुबह पांच गौवंश बेहद गंभीर हालत में पड़े मिले। इनमें एक गाय मृत मिली और दो अचेत थीं। बाकी तीन भी उठने की स्थिति में नहीं थीं।

ग्रामीणों ने देखा कि गायें मक्का की डंठलों के पास पड़ी थीं। वहीं आसपास ट्रैक्टर ट्रॉली के पहियों के निशान थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि देर रात इन गोवंशों को ट्रॉली में लाकर यहां छोड़ा गया।

गौशाला से लाए जाने की चर्चा

स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बीमार या कमजोर गायों को जिम्मेदारी से बचने के लिए कुछ गौशाला संचालक खुले क्षेत्र में छोड़ देते हैं। चर्चा है कि इन गायों को भी जानबूझकर यहां मरने के लिए छोड़ दिया गया ताकि मृत होने पर आवारा कुत्ते इन्हें खा जाएं और किसी पर जवाबदेही न आए।

मौके पर पहुंचा प्रशासन

सूचना मिलने पर जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन, एसडीएम इसरार खान, पुलिस टीम, जनपद पंचायत सीईओ और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में मिली गायों को खोपरा की गौशाला भेजकर इलाज शुरू किया गया।

गौशालाओं पर कलेक्टर की सख्ती जारी

कलेक्टर आदित्य सिंह हाल में गौशालाओं की स्थिति को लेकर लगातार निरीक्षण और कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने पहले भी लापरवाही पाए जाने पर गौशाला संचालकों पर कार्रवाई की है। पिछले सप्ताह निरीक्षण में कमी मिलने पर पशु संचालक और पिपरई नगर परिषद के सीएमओ का सात दिनों का वेतन राजसात किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *