GWALIOR RAPE-BLACKMAIL CASE: ग्वालियर। शहर के मुरार थाना क्षेत्र से युवती के साथ दुश्कर्म का शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला की मजबूरी का फायदा उठाते हुए पहले नौकरी लगवाने का लालच दिया और फिर शादी का झांसा देकर उसका लगातार शारीरिक शोषण किया।
पीड़िता का आरोप है कि उसकी सुनवाई नहीं हुई जिसकी वजह से उसने सोमवार को मुरार थाने में जहर खाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे बचाकर अस्पताल पहुंचाया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर मुरार थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न गंभीर धाराओं मामला दर्ज कर लिया है।
बच्ची को पढ़ाने के लिए आई थी ग्वालियर
पुलिस का कहना है कि 26 वर्षिय पीड़िता मूल रूप से भिंड की रहने वाली है, जिसकी शादी वर्ष 2016 में हुई थी। शादी के बाद उसकी दो छोटी बच्चियां हैं। करीब 4 साल पहले पीड़िता अपनी बड़ी बेटी की पढ़ाई के लिए ग्वालियर में किराये का मकान लेकर रहने आई थी।
मोहल्ले में ही आरोपी गजेंद्र केवट की एक ऑनलाइन (कियोस्क सेंटर) दुकान थी। पीड़िता अक्सर अपने बैंक खाते से पैसे निकालने के लिए गजेंद्र की दुकान पर जाती थी, जिसके चलते दोनों के बीच जान-पहचान हो गई और मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान होने के बाद बातचीत शुरू हो गई।
मजबूरी का फायदा उठाकर बनाए संबंध
बातचीत के दौरान आरोपी गजेंद्र केवट को पता चला कि महिला अपने पति से अलग होकर बच्चों की पढ़ाई के लिए ग्वालियर में अकेली रह रही है। आरोपी ने उसकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए नौकरी दिलाने का झांसा दिया। मई 2024 में वह महिला के किराए के कमरे पर पहुंचा और कथित तौर पर उसके साथ जबरन संबंध बनाए।
इसके बाद आरोपी नौकरी और शादी का लालच देकर लगातार महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसे अपने जाल में फंसाए रखने के लिए कहा कि तुम अपने पति से कानूनी तौर पर तलाक ले लो, तो मैं तुमसे कोर्ट मैरिज कर लूंगा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी 23 मई 2026 तक उसे झांसे में रखकर संबंध बनाता रहा, लेकिन अब शादी से मुकर गया है।
सुनवाई न होने पर महीला ने खाया जहर
सोमवार को महिला मुरार थाना पहुंची और सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए जहर खाने का प्रयास करने लगी। जिसके बाद वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्काल उसे रोक लिया और मेडिकल के लिए हॉस्पिटल ले गए। पुलिस ने महिला के लौटने पर आरोपी के खिलाफ नौकरी व शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि महिला इससे पहले भी शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थी। पूरी रिपोर्ट तैयार होने के बाद मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन वह आरोपी से समझौता कर वापस लौट गई।