MP News: भोपाल में शुक्रवार दोपहर लिंक रोड नंबर एक पर उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया, जब बीसीएलएल की लो फ्लोर रेड बस से अचानक धुआं उठने लगा। यह बस बोर्ड ऑफिस चौराहे से न्यू मार्केट की ओर जा रही थी। बस चलते समय अचानक इंजन के पिछले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हुआ, जिससे यात्री घबरा गए।
चालक ने तुरंत बस रोकी और यात्रियों को बाहर उतरने के लिए कहा। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के भी हताहत होने की जानकारी नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से उठते धुएं को फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से काबू में कर लिया गया।
यह लो फ्लोर बस TR 4 रूट पर बैरागढ़ से एम्स तक संचालित होती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में बीसीएलएल की बसों की खराब स्थिति को लेकर शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। घटना के बाद अधिकारियों ने बस को जांच के लिए डिपो भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read More: दतिया में 6 थाना प्रभारियों का हुआ तबादला