Indore News: इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद गुस्से और तनाव में जहर खा लिया। उसे परिजन मंगलवार देर रात एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक पिछले कई वर्षों से एक गंभीर त्वचा रोग से परेशान था। इसी कारण शादी नहीं हो पा रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से टूटने लगा था।
पुलिस के अनुसार मृतक रवि (32) पुत्र शेरसिंह साकले गोकुल धाम सिटी में रहता था। मंगलवार रात उसने घर में विवाद के बाद जहर खा लिया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अक्सर शराब के नशे में होता था विवाद
परिवार ने बताया कि रवि पिछले दो-तीन दिनों से शराब पीकर घर आ रहा था और शादी न होने की वजह से माता-पिता तथा भाई से विवाद करता था। मंगलवार रात भी घर में झगड़ा हुआ। इसी बीच उसका भाई राजेश कुछ देर के लिए बाहर गया। वापस लौटने पर रवि की स्थिति बिगड़ी हुई मिली। पूछने पर उसने बताया कि उसने जहर पी लिया है। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन देर हो चुकी थी।
त्वचा रोग के चलते नहीं हो पा रही थी शादी
भाई राजेश के मुताबिक रवि को लंबे समय से त्वचा संबंधी बीमारी थी। समाज में इसी कारण रिश्ते नहीं हो रहे थे। उम्र बढ़ने के साथ वह तनावग्रस्त रहने लगा और डिप्रेशन की स्थिति में अक्सर परिवार से झगड़ता था। रवि मकान निर्माण में मजदूरी का काम करता था, जबकि उसके पिता सिक्योरिटी गार्ड और भाई प्रॉपर्टी ब्रोकर के यहां कार्यरत है।
पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Read More: 1.37 लाख उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी, समाधान योजना में सरचार्ज होगा माफ