CM RAJGAD VISIT: राजगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजगढ़ जिले के भैंसवामाता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का समापन किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण के क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया।
साथ ही 352 करोड़ रुपये की लागत वाले कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर जिले को बड़ी सौगात दी।
3.62 लाख से ज्यादा कार्य पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चलाए गए ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को लोगों का भरपूर सहयोग मिला। अभियान के दौरान 3 लाख 62 हजार से अधिक जल संरक्षण और संवर्धन कार्य पूरे किए गए। इनमें तालाबों का जीर्णोद्धार, चेक डैम, वर्षा जल संचयन, नदी पुनर्जीवन और भू-जल बढ़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पानी बचाना सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जब सभी लोग मिलकर कार्य करेंगे तभी जल संकट का स्थायी समाधान हो पायेगा ।

जल संरक्षण के लिए काम करने वालो को किया सम्मानित
समापन समारोह में जल संरक्षण और श्रमदान में योगदान देने वाली ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों, शासकीय विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जलदूतों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवा संगठनों, किसानों और शैक्षणिक संस्थानों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित लोगों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास प्रदेश में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
जल संरक्षण का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से ये संकल्प लेने को कहा कि वह जल स्रोतों के संरक्षण और उनके रखरखाव का ध्यान रखेंगे। साथ ही लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील भी की गई।
इंदौर में थाने से हथकड़ी खोलकर फरार हुआ बदमाश अवैध शराब मामले का आरोपी पुलिस को देकर गया चुनौती
352 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर 352 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क, पेयजल, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी।
इसके अलावा कार्यक्रम में ‘विकसित भारत-ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB GRAM G)’ की भी जानकारी दी गई, जिसकी शुरुआत 1 जुलाई 2026 से होगी।
