GUNA NEWS: गुना के कैंट इलाके में नर्सिंग छात्र के अपहरण और मारपीट के मामले में मुख्य आरोपी पवन रजक की पुलिस रिमांड आज सोमवार को खत्म हो रही है। इसी बीच उसके हथियारों के साथ कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिसमें वह अलग-अलग बंदूकों के साथ पोज देता नजर आ रहा है। पुलिस अब इन हथियारों की जांच में जुट गई है।
यह पूरा मामला मई 2023 का है। आरोप है कि पवन रजक ने नर्सिंग छात्र विशाल सिलावट को शादी में मेहंदी लगवाने के बहाने बुलाया। मारुति शोरूम पर पहुंचते ही दो लोगों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। गाड़ी का कांच बंद कर दिया गया और उसे बायपास की तरफ ले जाया गया।
READ MORE: अशोकनगर जिला अस्पताल में शराब के साथ पकड़ाया युवक
गर्दन पकड़कर सीट पर पटका
रास्ते में विशाल ने पूछा कि उसे कहां ले जाया जा रहा है, तो आरोपियों ने उसकी गर्दन पकड़कर सीट पर पटक दिया। बाद में उसे गोपीसागर डैम के पास एक सुनसान खेत में बने टूटे मकान तक ले जाया गया। वहां आरोपियों में से एक ने कहा कि “तू मेरी पत्नी को परेशान करता है, आज तेरी पूजा होगी।”
कपड़े उतरवाकर 2 घंटे तक बेल्ट से पीटा
विशाल ने बताया कि आरोपियों ने उसे थप्पड़ों और बेल्ट से लगातार दो घंटे तक पीटा। पानी डालकर गालियां भी दीं। बाद में उससे कहा गया कि 10 हजार रुपये तुरंत भिजवाओ, तभी छोड़ा जाएगा। मजबूरी में उसने अपनी मां से फोन पे पर पैसे डलवाए।
वापसी के दौरान आरोपी एक दुकान पर सिगरेट लेने रुके। इसी दौरान विशाल कार का गेट खोलकर भाग निकला और पास ही वाटर पार्क के गेट पर पहुंचा। वहां गार्ड की मदद से अपनी मां को फोन किया और फिर अस्पताल पहुंचा।
READ MORE: NH-44 पर भैंसों से भरा लोडिंग वाहन पलटा, 30 मिनट जाम
आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित
पुलिस ने पवन रजक पर अपहरण और SC-ST एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया था। 14 नवंबर को SP अंकित सोनी ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। तीन दिन पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Read More: भाजपा नेता पर हमला करने वाला गैंगस्टर शॉर्ट एनकाउंटर में घायल