Umrikheda Adventure Park: इंदौर के एडवेंचर लवर्स और प्रकृति प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर के उमरीखेड़ा इको एडवेंचर पार्क (Umrikheda Adventure Park) में अब नाइट स्टे की सुविधा शुरू कर दी गई है। पहली बार पर्यटक जंगल के बीच 24 घंटे रहने का अनुभव ले सकेंगे। इसमें रातभर कैंपिंग, फोटोग्राफी, फूड और एडवेंचर एक्टिविटीज का आनंद मिल सकेगा।
वन विभाग द्वारा इंदौर–खंडवा रोड स्थित इस एडवेंचर पार्क में 2 किलोवॉट का सोलर प्लांट चालू किया गया है, जिससे रात में बिजली की दिक्कत पूरी तरह खत्म हो गई है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बाद नाइट सफारी और स्टे व्यवस्था को हरी झंडी दी गई है। बुकिंग ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है।
350 रुपए में मिलेगा पूरा पैकेज
पार्क में एंट्री, पार्किंग, दो बार नाश्ता और एक टाइम मील सहित 350 रुपए प्रति व्यक्ति का पैकेज रखा गया है। इसके अलावा 750 से 3100 रुपए तक अलग-अलग प्रकार के टेंट और स्टे हाउस उपलब्ध हैं। 10–12 लोगों के ग्रुप के लिए विशेष पैकेज भी तैयार किए गए हैं।
READ MORE: NH-44 पर भैंसों से भरा लोडिंग वाहन पलटा, 30 मिनट जाम
पार्क में क्या-क्या मिलेगा
- 190 हेक्टेयर में फैला इको एडवेंचर पार्क
- फोटोग्राफी और वीडियो शूट की अनुमति
- टेंट, स्विस टेंट और कॉटेज की व्यवस्था
- वॉच टॉवर, ट्रैकिंग ट्रेल, साइक्लिंग ट्रेल
- बच्चों के लिए झूले और ओपन थिएटर
- हर्बल पार्क और कैफे
गांव की महिलाओं द्वारा संचालित किचन ‘चूल्हा–चौका’
वन विभाग के मुताबिक, यहां हर रविवार 250–300 पर्यटक पहुंच रहे हैं। भविष्य में लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से पार्क का विस्तार किया जाएगा। संचालन स्थानीय वन समिति की जिम्मेदारी होगी, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
बुकिंग के लिए वेबसाइट पर जाएं: mpforest.gov.in/ecotourism/ecobooking
READ MORE: अशोकनगर जिला अस्पताल में शराब के साथ पकड़ाया युवक