Morena News: मुरैना पुलिस ने आखिरकार उस शातिर लुटेरे को पकड़ लिया है, जिसकी तलाश पुलिस को पिछले सात वर्षों से थी। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने सोमवार देर शाम आरोपी को अंबाह रोड स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
संदिग्ध हरकत पर मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, विंडवा गांव निवासी जयवीर गुर्जर (42) संदिग्ध अवस्था में कॉलेज की बाउंड्री के पास छिपा हुआ था। एक स्थानीय युवक ने उसकी हरकतों पर शक होने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा करके उसे पकड़ लिया।
READ MORE: अशोकनगर जिला अस्पताल में शराब के साथ पकड़ाया युवक
छतरपुर लूटकांड में था वांटेड
पूछताछ में सामने आया कि जयवीर छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात में वांटेड था और लंबे समय से फरारी काट रहा था। मुरैना पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी छतरपुर पुलिस को भी भेज दी है।
14 गंभीर मामले दर्ज
स्टेशन रोड थाना पुलिस के अनुसार आरोपी पर छतरपुर और मुरैना के विभिन्न थानों में कुल 14 संगीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसमें लूट, मारपीट और अवैध हथियार रखने के मामले शामिल हैं। पुलिस ने अब उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक और केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी बोले
थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि जयवीर पिछले सात साल से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
READ MORE: NH-44 पर भैंसों से भरा लोडिंग वाहन पलटा, 30 मिनट जाम