Gwalior News: ग्वालियर। मुरार के सदर बाजार में 24 नवंबर को दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध गोलीबारी के महज 48 घंटे के अंदर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। व्यापारियों के 24 घंटे के अल्टीमेटम के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने गैंगस्टर कपिल यादव के साले हिमांशु उर्फ छोटू यादव, भाई अरविंद यादव और साथी अमित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य शूटर हिमांशु ने कबूला कि “दहशत फैलाना और व्यापारी को डराना ही मकसद था”।
CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
फुटेज में साफ दिख रहा है कि हिमांशु यादव सराफा व्यापारी महावीर जैन की दुकान में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाता है। दुकान में मौजूद आकाश जैन कुर्सी के पीछे छिपकर किसी तरह जान बचाता है। बाहर दो बदमाश बाइक पर पहरा देते हैं, जबकि आगे बैकअप के लिए दो और साथी तैनात थे। पुलिस का कहना है कि इतनी परफेक्ट प्लानिंग अचानक नहीं हो सकती, यह पहले से तय साजिश थी।
READ MORE: अशोकनगर जिला अस्पताल में शराब के साथ पकड़ाया युवक
करोड़ों की जमीन का पुराना विवाद?
आरोपियों का दावा है कि कपिल यादव और अमन यादव के पुलिस एनकाउंटर के बाद गुस्से में यह हमला किया गया, क्योंकि व्यापारी महावीर जैन और उनके बेटे आकाश जैन ने ही पुलिस को सूचना दी थी। लेकिन पुलिस इस थ्योरी से सहमत नहीं है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार असली वजह 8 साल पुराना जमीन विवाद है। महावीर जैन ने बड़ागांव में कुछ लाख में जमीन खरीदी थी, जो दो साल में ही करोड़ों की हो गई। कपिल यादव और उसका परिवार इसी जमीन पर कब्जा करने की फिराक में था। इसी रंजिश ने खूंखार रूप ले लिया।
जौरासी जंगल से धराए शातिर बदमाश
– घटना के दो दिन बाद जौरासी घाटी में पुलिस को अपाचे बाइक मिली थी। बदमाश बाइक छोड़कर जंगल में फरार हो गए थे।
– बुधवार को फिर छापेमारी की गई तो जंगल से हिमांशु उर्फ छोटू (झांसी मूल, भिंड में छिपा था) और अरविंद यादव को दबोच लिया गया।
– निशानदेही पर अमित यादव को भी पकड़ा गया।
– बाइक सवार चौथे आरोपी विवेक यादव की तलाश जारी है।
READ MORE: NH-44 पर भैंसों से भरा लोडिंग वाहन पलटा, 30 मिनट जाम
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि एएसपी अनु बेनीवाल, विदिता डागर, क्राइम ब्रांच की टीम और डीएसपी नागेन्द्र सिकरवार की अगुवाई में लगातार दबिश दी जा रही थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद व्यापारी संगठनों ने पुलिस को बधाई दी है और अल्टीमेटम वापस ले लिया है।
पुलिस अब बाकी फरार आरोपी कालू और विवेक यादव को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है। मामले में हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
READ MORE: गुना में IAS Santosh Verma का पुतला फूंका, ब्राह्मण समाज में आक्रोश