Bhind News: अजाक्स के प्रदेश अध्यक्ष और IAS अधिकारी संतोष वर्मा (IAS officer Santosh Verma) द्वारा ब्राह्मण समाज की बहन-बेटियों पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ भिंड में परशुराम सेना ने आक्रोश जताया।
गुरुवार दोपहर सैकड़ों कार्यकर्ता धन्वंतरि कॉम्प्लेक्स पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए IAS संतोष वर्मा का पुतला सड़क पर घसीटते हुए इंदिरा गांधी चौराहा लेकर पहुंचे।
चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने पहले पुतले को जूतों से पीटा, फिर फरसे से काटा और अंत में आग के हवाले कर दिया। पूरी सड़क पर “संतोष वर्मा माफी मांगो… वरना इस्तीफा दो” के नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शन के बाद परशुराम सेना के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ‘सोनू’ के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता शहर कोतवाली पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
READ MORE: सदर बाजार फायरिंग कांड सुलझा, दहशत फैलाने की थी साजिश
ज्ञापन में मांग
– IAS संतोष वर्मा के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज हो
– उन्हें निलंबित कर बर्खास्त किया जाए
– ब्राह्मण समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए सख्त धाराओं में मुकदमा चले
जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा सोनू ने कहा
“संतोष वर्मा ने ब्राह्मण समाज की मातृशक्ति का अपमान किया है। पहले भी इन पर महिला उत्पीड़न और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लग चुके हैं। हम चेतावनी देते हैं कि अगर सरकार ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो परशुराम सेना पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी।”
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से परशुराम सेना के प्रांतीय उपाध्यक्ष पंडित राकेश शर्मा, सचिव आशीष उपाध्याय, कोषाध्यक्ष पंडित विपिन शर्मा, मीडिया प्रभारी पंडित गौरव शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुतला दहन और प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल शहर कोतवाली में प्रदर्शनकारियों की शिकायत पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।