Datia By-election: मध्यप्रदेश। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूरी तरह से मोर्चे पर है। इसको लेकर आज दतिया में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल हुए। हालांकि दोनों नेता तय समय से करीब चार घंटे देरी से पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचते ही सम्मेलन में नया जोश देखने को मिला और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई।
माना जा रहा है कि इस सम्मेलन में सिर्फ संगठन को मजबूत करने की रणनीति ही नहीं, बल्कि उपचुनाव के लिए कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार को लेकर भी अहम मंथन हुआ है।
नेताओं के पहुंचते ही बदला माहौल
दोपहर करीब दो बजे दोनों वरिष्ठ नेता मोटल होटल पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और उनसे सीधे संवाद भी किया। लंबे इंतजार के बाद नेताओं के पहुंचने से कार्यकर्ताओं में उत्साह साफ दिखाई दिया।
कई बड़े चेहरे रेस में शामिल
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस का टिकट पाने के लिए कई नेता अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं। इनमें पूर्व विधायक घनश्याम सिंह, पूर्व राज्य मंत्री अवधेश नायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजय शुक्ला और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के परिवार का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है।
पार्टी नेतृत्व स्थानीय समीकरण, संगठन की राय और जीत की संभावना को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार के नाम पर विचार कर रहा है।
अवधेश नायक ने छेड़ा 2023 के टिकट का मुद्दा
सम्मेलन के दौरान पूर्व राज्य मंत्री अवधेश नायक ने 2023 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उनका टिकट लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन आखिरी समय में परिस्थितियां बदल गईं। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि इस बार कांग्रेस जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर उसे जिताने के लिए काम करेंगे।
उनके इस बयान को पार्टी के भीतर पुराने टिकट विवाद की याद दिलाने वाला माना जा रहा है।
राजेंद्र भारती फिलहाल दिल्ली में
पूर्व विधायक राजेंद्र भारती इन दिनों दिल्ली में हैं, इसलिए वे सम्मेलन में शामिल नहीं हो सके। जानकारी के अनुसार, उनके मामले में 8 जुलाई को सुनवाई होनी है, जिसमें न्यायालय ने निर्वाचन आयोग से जवाब मांगा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी ने बताया कि राजेंद्र भारती का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद वे जल्द ही पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय नजर आएंगे।
दूसरे टी20 में भी बारिश बन सकती है विलेन भारत इंग्लैंड मुकाबले पर मौसम की टेढ़ी नजर
बंद कमरे में बनी आगे की रणनीति
सम्मेलन में कांग्रेस ने सभी पदाधिकारियों और मोर्चा संगठनों की अनिवार्य मौजूदगी सुनिश्चित की थी। कार्यक्रम के बाद वरिष्ठ नेताओं ने बंद कमरे में संगठन के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक भी की। माना जा रहा है कि इस बैठक में बूथ स्तर की तैयारियों, चुनावी रणनीति और संभावित प्रत्याशी के नाम पर गंभीर चर्चा हुई।
हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी जल्द ही अपने प्रत्याशी के नाम पर अंतिम फैसला ले सकती है। फिलहाल दतिया उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनावी मैदान में अपनी सक्रियता का स्पष्ट संकेत दे दिया है।