Chambalkichugli.com

Bhind News: भिंड में युवक की गोली मारकर हत्या

Gwalior News

Bhind News: भिंड जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के डांग गांव में रविवार देर रात सड़क मार्ग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान चली गोली से घायल हुए युवक गौरव गुर्जर (निवासी डांग गांव) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।

शादी समारोह के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गांव में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान गौरव गुर्जर और जेपी कांकर के बीच मुख्य सड़क के पास वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ। कहा जा रहा है कि स्थिति अचानक बिगड़ गई और दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद मारपीट की नौबत बन गई।

अचानक चली गोली

तनाव बढ़ने पर जेपी कांकर की ओर से गोली चलाई गई, जो सीधे गौरव को लगी। परिजनों ने उसे तुरंत ग्वालियर अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। गौरव के घर में शादी थी, जिसके बाद हड़बड़ी में रस्में पूरी कर बेटी की विदाई की गई।

बीजेपी नेता से संबंध के आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी जेपी कांकर प्रदेश सरकार के मंत्री और भिंड जिले के भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के नजदीकी रिश्तेदार हैं। इस कारण घटना के बाद गुर्जर समाज में भारी नाराजगी है। हालात नियंत्रित रखने के लिए गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

तीन लोगों पर हत्या का केस दर्ज

गोहत चौराहा टीआई मनीष धाकड़ के अनुसार, मृतक के परिजनों की शिकायत पर जेपी कांकर सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

READ MORE: शिवपुरी में सड़क हादसे में युवक की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Popular News