MP NEWS : मध्यप्रदेश। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज 25 दिसंबर को मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर वे ग्वालियर और रीवा में आयोजित दो बड़े कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार वाजपेयी की जन्मस्थली ग्वालियर में अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट और रीवा में प्राकृतिक खेती पर केंद्रित किसान सम्मेलन का आयोजन कर रही है।
ग्वालियर ग्रोथ समिट का उद्देश्य प्रदेश में निवेश और रोजगार को बढ़ावा देना है। समिट में 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन किया जाएगा, जबकि करीब 10 हजार करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण होगा। इससे औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित होने की उम्मीद है। तो वहीं रीवा के बसामन मामा गौ अभयारण्य में अमित शाह प्राकृतिक खेती प्रकल्प का शुभारंभ करेंगे। इस सम्मेलन में किसानों को टिकाऊ और रसायन-मुक्त खेती की दिशा में प्रेरित भी किया जाएगा।

GWALIOR NEWS : ग्वालियर दौरे पर गृहमंत्री अमित शाह, आज रात पहुंचेंगे शहर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अनुसार ग्रोथ समिट “निवेश से रोजगार – अटल संकल्प, उज्ज्वल मध्यप्रदेश” थीम पर आधारित है। इसमें गोदरेज, गौतम सोलर, जेके टायर, टोरेंट पावर, डाबर, वर्धमान समूह और बीपीसीएल जैसे प्रमुख औद्योगिक समूहों की भागीदारी रहेगी। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और विचारों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।