GWALIOR NEWS : मध्यप्रदेश। ग्वालियर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर जलाने और अपमानजनक नारेबाजी की घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस घटना को लेकर दलित समाज और विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। 01 जनवरी की रात को हुई इस घटना के बाद से विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं।
एफआईआर दर्ज, चार आरोपी हिरासत में
मामले में साइबर सेल थाना ग्वालियर में एडवोकेट अनिल मिश्रा समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। शुक्रवार को आरोपियों को पुरानी छावनी थाना से जिला अस्पताल मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने की तैयारी है। पुलिस के अनुसार, अनिल मिश्रा को गुरुवार रात मुरैना में एक कार्यक्रम में जाने के दौरान हिरासत में लिया गया।

कलेक्ट्रेट पर दलित संगठनों का धरना
इधर भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी सहित कई दलित संगठनों ने कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केवल एफआईआर दर्ज करना पर्याप्त नहीं है और मुख्य आरोपी अनिल मिश्रा पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाया जाना चाहिए।
MP WEATHER UPDATE : कोहरे से ढका प्रदेश, ग्वालियर-चंबल में बारिश का अलर्ट
आंदोलन उग्र करने की चेतावनी
संगठनों ने चेतावनी दी है कि जब तक एसएसपी धर्मवीर सिंह स्वयं मौके पर पहुंचकर आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन को और उग्र रूप देने की भी चेतावनी दी गई है।